Monday, April 6, 2026

 स्टॉक कर दिया सरेंडर, मरीज बाहर से खरीद रहे दवा

Share

जेएसएएस के कार्यकारी निदेशक ने एसएनएमएमससीएच में निरीक्षण में पकड़ी गड़बड़ी

Dhanbad News: झारखंड राज्य आरोग्य सोसाइटी के कार्यकारी निदेशक (इडी) अबू इमरान ने शुक्रवार को एसएनएमएमसीएच व सदर अस्पताल का निरीक्षण किया. दोनों ही अस्पतालों के निरीक्षण में उन्होंने कई खामियां पायीं. दवाओं की कमी पायी गयी. ओपीडी व इंडोर में मरीजों को नि:शुल्क मिलने वाली दवाएं नहीं मिलने और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ मरीजों तक समय पर नहीं पहुंचने के मामले में उन्होंने नाराजगी जतायी. साथ ही, दोनों अस्पताल प्रबंधन से कमियों को दूर कर रिपोर्ट मुख्यालय को सौंपने का निर्देश दिया. एसएनएमएमसीएच में विभिन्न वार्डों का निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजों से बात कर चिकित्सा व्यवस्था की जानकारी ली. कई मरीजों से अस्पताल में दवा नहीं मिलने की शिकायत इडी के समक्ष की. मरीजों द्वारा बाहर से खरीदी गयी दवा का मिलान करने पर उन्होंने पाया कि कुछ दिन पहले ही अस्पताल प्रबंधन द्वारा दवाओं का स्टॉक सरेंडर किया गया है. बिना दवाओं की खपत के स्टॉक सरेंडर करने पर उन्होंने अधीक्षक सह प्रभारी प्राचार्य डॉ डीके गिंदौरिया को इस पर ध्यान देने की चेतावनी दी.

निरीक्षण के दौरान दोनों ही अस्पतालों में दवाओं की कमी पायी गयी. इडी अबू इमरान ने पाया कि दोनों अस्पतालों के ओपीडी व इंडोर में उपलब्ध दवाएं नहीं है. पूछताछ में उन्हें पता चला कि आपसी तालमेल नहीं होने की वजह से दवाओं की किल्लत हुई है. इस विषय पर उन्होंने आपस में सामंजस्य बनाकर दवा समेत अन्य सामानों का टेंडर ससमय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

एसएनएमएमसीएच का निरीक्षण के दौरान इडी अबू इमरान ने पाया कि विभिन्न विभागों में पुराने बेड लगे हैं. खासकर अस्पताल के सेंट्रल इमरजेंसी स्थित सर्जिकल आइसीयू में लगे बेडों की स्थिति खराब मिली. एसआइसीयू में नर्सिंग स्टेशन की दशा देख उन्होंने तत्काल अस्पताल संचालन योजना की राशि का इस्तेमाल कर व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश दिया. साथ ही, आवश्यक उपकरण व वेंटिलेटर की खरीदारी जल्द सुनिश्चित करने की बात कही.

चिकित्सक व कर्मियों की कमी जल्द दूर होगी : अबू इमरान

झारखंड राज्य आरोग्य सोसाइटी के इडी अबू इमरान ने निरीक्षण के बाद कहा कि एसएनएमएमसीएच में चिकित्सकों की कमी जल्द दूर होगी. इसकी कवायद राज्य स्तर पर शुरू हो चुकी है. जो भी गैप है, उसे भरा जायेगा. आने वाले समय में सुपर स्पेशियलिटी में मरीजों को ओपीडी के साथ इंडोर सेवा मिलने लगेगी.

Table of contents [hide]

Read more

Local News