Monday, April 13, 2026

सूर्यदेव हर महीने अपनी राशि परिवर्तन करते हैं, अभी वे मीन राशि में संचरण कर रहे हैं.

Share

हिंदू शास्त्र में सूर्य को ग्रहों का पिता माना जाता है. यह हर महीने अपनी राशि परिवर्तित करते हैं. अभी तक सूर्य मीन राशि में विद्यमान हैं, लेकिन मंगलवार 14 अप्रैल 2026 को वे अपनी उच्च राशि मेष में प्रवेश कर जाएंगे. इस राशि परिवर्तन को मेष संक्रांति कहा जाता है.

लखनऊ के ज्योतिषाचार्य डॉ. उमाशंकर मिश्र ने इस संबंध में जानकारी दी कि सूर्य के इस राशि परिवर्तन का सभी 12 राशियों पर अलग-अलग प्रभाव पड़ेगा. उन्होंने बताया कि अपनी उच्च राशि में प्रवेश करते ही सूर्य की ताकत काफी बढ़ जाएगा. ऐसे में तमाम जातकों को धन लाभ होगा और उनके काफी समय से रुके हुए काम फटाफट पूरे होंगे. आइये डालते हैं एक नजर.

  1. मेष राशि
    सूर्य का यह गोचर आपकी ही राशि में आ रहा है, इसलिए आपके अंदर कुछ नया शुरू करने का जोरदार मन बनेगा. आप जल्दी-जल्दी फैसले लेंगे और अपने काम को आगे बढ़ाने में एक्टिव रहेंगे, लेकिन पिता या घर के बड़ों से बात करते समय थोड़ा संभलकर बोलें, क्योंकि छोटी बात भी बहस में बदल सकती है. आंखों या स्किन से जुड़ी हल्की परेशानी हो सकती है, इसलिए ध्यान रखना जरूरी रहेगा. पढ़ाई करने वालों के लिए यह समय मेहनत का अच्छा नतीजा देने वाला साबित हो सकता है.
    उपायः प्रतिदिन गायत्री मंत्र का जाप करें, लाभ होगा.
  2. वृषभ राशि
    यह समय आपको नए अवसरों की तरफ ले जाने वाला रहेगा. कामकाज में कुछ अलग तरह की दिशा बन सकती है, जिससे आगे फायदा मिलने के योग रहेंगे. धन से जुड़े मामलों में थोड़ा संभलकर चलना होगा, क्योंकि अचानक खर्च सामने आ सकता है. बाहर या दूर से जुड़े काम आपके लिए अच्छे साबित हो सकते हैं. जो लोग अब तक परेशानी दे रहे थे, उनका असर इस समय खुद-ब-खुद कम होता दिखाई देगा.
    उपायः भगवान शिव का जलाभिषेक करना आपके लिए शुभ फलदायी होगा.
  3. मिथुन राशि
    इस दौरान आपका प्रभाव साफ तौर पर बढ़ता नजर आएगा और लोग आपकी बातों को गंभीरता से लेने लगेंगे. आपकी मौजूदगी का असर महसूस होगा और आप अपनी बात खुलकर रख पाएंगे. आपके विचारों में स्पष्टता रहेगी, जिससे सामने वाले पर अच्छा प्रभाव पड़ेगा. काम की जगह पर आपकी मेहनत दिखेगी और उसका मान भी मिलेगा. साथ ही, कुछ नई जिम्मेदारियां मिल सकती हैं, जो आगे बढ़ने का मौका बनेंगी.
    उपायः सूर्याष्टक का पाठ करना आपके लिए लाभकारी रहेगा.
  4. कर्क राशि
    यह समय आपके लिए धीरे-धीरे चीज़ों को सही पटरी पर लाने वाला रहेगा. जो काम पहले अटके हुए लग रहे थे, उनमें अब हलचल दिखने लगेगी और स्थिति संभलती नजर आएगी. कामकाज में पकड़ मजबूत होगी और आपके प्रयास अब परिणाम देने लगेंगे. नौकरी या व्यापार में नए मौके बन सकते हैं, जो आगे चलकर आपको फायदा देंगे. अगर आप किसी सरकारी काम में लगे हैं, तो उसमें भी प्रगति के संकेत मिलेंगे. धैर्य बनाए रखेंगे तो हालात आपके पक्ष में मुड़ते जाएंगे और अंदर से भरोसा भी बढ़ता महसूस होगा.
    उपायः जरूरतमंदों को गेहूं का दान करने से लाभ होगा.
  5. सिंह राशि
    यह समय आपके लिए हालात को समझते हुए सही तरीके से आगे बढ़ने का रहेगा. चीजे धीरे-धीरे आपके अनुकूल होती नजर आएंगी, लेकिन सिर्फ किस्मत पर भरोसा करना सही नहीं होगा. अपने प्रयास बनाए रखना जरूरी रहेगा. काम के मामलों में आप अच्छी पकड़ बनाए रखेंगे और फैसले लेने में आत्मविश्वास दिखेगा. बीच में कहीं बाहर जाने या घूमने का मौका मिल सकता है, जिससे मन थोड़ा हल्का और तरोताजा महसूस करेगा. अगर आप लगातार लगे रहेंगे, तो यही समय आगे के लिए मजबूत आधार तैयार कर सकता है.
    उपायः भगवान सूर्य को कुमकुम मिलाकर अर्घ्य देना आपके लिए फलदायी होगा.
  6. कन्या राशि
    यह दौर आपको हर कदम सोच-समझकर रखने की सलाह दे रहा है, इसलिए बिना सोचे कोई भी फैसला लेने से बचें. अचानक छोटी-मोटी रुकावट या परेशानी सामने आ सकती है, जिससे थोड़ा सतर्क रहना जरूरी होगा. वाहन चलाते समय पूरी जागरूकता रखें और किसी भी तरह का जोखिम लेने से दूर रहें. धन से जुड़े मामलों में खास ध्यान दें, क्योंकि एक छोटी गलती भी नुकसान करा सकती है. इस समय समझदारी और सजगता ही आपको सही दिशा में बनाए रखेगी.
    उपायः सूर्यदेव को कुमकुम मिले जल से अर्घ्य दें, लाभ होगा.
  7. तुला राशि
    यह समय रिश्तों के मामले में थोड़ा संवेदनशील रह सकता है, जहां छोटी बात भी असर छोड़ सकती है. आपके व्यवहार में थोड़ी सख्ती या अपनी बात मनवाने की प्रवृत्ति बढ़ सकती है, जिससे करीबियों के साथ खिंचाव महसूस हो सकता है. खासकर जीवनसाथी के साथ बातों को तूल देने से बचना जरूरी रहेगा. इस समय सामने वाले की बात को ध्यान से सुनना और समझना ही स्थिति को संभालने में मदद करेगा. जितना आप संतुलन बनाए रखेंगे, उतना ही रिश्तों में सहजता बनी रहेगी.
    उपायः उपायः सूर्य नमस्कार आपके लिए लाभकारी रहेगा.
  8. वृश्चिक राशि
    यह समय आपके लिए परिस्थितियों को अपने नियंत्रण में लाने जैसा रहेगा. जो लोग या बातें पहले रुकावट बन रही थीं, उनका असर अब धीरे-धीरे खत्म होता नजर आएगा. कामकाज में स्थिरता आएगी और चीजे व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ेंगी, जिससे मन हल्का महसूस करेगा. बाहर या दूर स्थान से जुड़े कामों में लाभ मिलने के योग बन रहे हैं. स्वास्थ्य संतुलित रहेगा और मानसिक रूप से भी आप पहले से ज्यादा शांत महसूस करेंगे. कुल मिलाकर, अब आपको अपने हालात पर पकड़ बनती हुई साफ नजर आएगी.
    उपायः प्रतिदिन सूर्याष्टक का पाठ करने से लाभ होगा.
  9. धनु राशि
    यह समय आपको साफ तौर पर यह समझा देगा कि बिना मेहनत के बात आगे नहीं बढ़ेगी. हर काम में थोड़ा अतिरिक्त प्रयास लगाना पड़ेगा, तभी चीजे आपके अनुसार बन पाएंगी. बीच-बीच में रुकावट आ सकती है, लेकिन धैर्य रखेंगे तो धीरे-धीरे रास्ता साफ होता जाएगा. रिश्तों के मामले में समझदारी दिखाना जरूरी होगा, वरना अनावश्यक दूरी आ सकती है. पढ़ाई या अपने लक्ष्य पर ध्यान बनाए रखेंगे तो आगे चलकर इसका अच्छा लाभ मिलेगा. कुल मिलाकर, जितनी ईमानदारी से मेहनत करेंगे, उतना ही बेहतर परिणाम आपके सामने आएगा.
    उपायः कार्यों में सफलता के लिए अपने से बड़ों का प्रतिदिन आशीर्वाद जरूर लें.
  10. मकर राशि
    यह समय अंदर ही अंदर थोड़ी उलझन और दबाव बढ़ाने वाला रह सकता है, जिससे मन स्थिर रखना जरूरी होगा. फैसले लेते वक्त स्पष्टता कम महसूस हो सकती है, इसलिए किसी भी निर्णय में जल्दबाजी करने से बचें. वाहन चलाते समय अतिरिक्त सावधानी रखें और बेवजह यात्रा करने से बचना बेहतर रहेगा. जमीन या संपत्ति से जुड़े मामलों में पूरी जांच-पड़ताल के बाद ही आगे बढ़ें. जितना आप धैर्य और समझदारी से काम लेंगे, उतना ही स्थिति आपके नियंत्रण में बनी रहेगी.
    उपायः आदित्य ह्रदय स्त्रोत का पाठ करना आपके लिए अच्छा रहेगा.
  11. कुंभ राशि
    इस दौरान आपके अंदर जोश और आत्मविश्वास साफ नजर आएगा, जिससे आप अपने कामों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे. आप अपनी बात बेझिझक रख पाएंगे और लोग भी आपको गंभीरता से लेंगे, लेकिन केवल योजनाएं बनाना काफी नहीं होगा. आपको लगातार मेहनत करते रहना पड़ेगा. कामकाज में ध्यान बनाए रखेंगे तो ही अच्छे नतीजे मिल पाएंगे. यह समय आपके लिए अपनी काबिलियत दिखाने का मजबूत अवसर बन सकता है.
    उपायः प्रतिदिन गायत्री मंत्र की एक माला का जाप करना लाभकारी रहेगा.
  12. मीन राशि
    यह समय सीधा-सादा रहेगा, लेकिन आपको हर कदम सोचकर ही बढ़ाना होगा. बिना सोचे लिया गया फैसला बाद में परेशानी खड़ी कर सकता है, इसलिए जल्दबाजी से दूर रहें. पैसों के मामले में हाथ संभालकर रखें और किसी भी तरह का जोखिम लेने से बचें. जमीन या संपत्ति से जुड़े काम में पूरी जांच के बाद ही आगे बढ़ना बेहतर रहेगा. घर-परिवार में बात करते समय नरमी रखें, इससे माहौल शांत और सहज बना रहेगा. कुल मिलाकर, समझदारी से लिया गया हर कदम आपको अनावश्यक उलझनों से बचाकर रखेगा.
    उपायः प्रतिदिन भगवान शिव का जलाभिषेक करें, लाभ होगा.

Read more

Local News