इंडियन प्रीमियर लीग का 19वां सीजन धीरे धीरे अपने समापन की ओर बढ़ रहा है. अब तक दस टीमों में से दो टीमें – मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जायंट्स – प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है. इस बीच भारत के दिग्गज खिलाड़ी सुनील गावस्कर ने IPL 2026 सीजन के फाइनलिस्ट को लेकर बड़ी भविष्यवाणी की है.
IPL 2026 के दो फाइनलिस्ट
उनका मानना है कि पंजाब किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु इस बार भी फाइनल खेलेगी. RCB 11 मैचों में अपनी सातवीं जीत के साथ पॉइंट्स टेबल में 14 पॉइंट्स के साथ टॉप पर पहुंच गई है. जबकि PBKS, जिसने सीजन की शुरुआत जोरदार तरीके से की थी और अपने पहले सात मैचों में अजेय रही थी, अब लगातार तीन हार के बाद वापसी की तलाश में है. फिर भी वो 13 पॉइंट्स लेकर अभी भी प्लेऑफ की दौड़ में मजबूती से बनी हुई है, क्योंकि वह अभी पॉइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर है.
गावस्कर ने जियोस्टार पर कहा. ‘मैं अब भी पंजाब किंग्स का ही साथ दूंगा. कभी-कभी, कुछ हारें असल में टीम को फिर से तैयार होने और अति-आत्मविश्वास से बचने में मदद कर सकती हैं. पंजाब को पता होगा कि टूर्नामेंट का यह चरण कितना महत्वपूर्ण है, और वे एक और हार के साथ अपने मन में कोई शक पैदा नहीं होने देना चाहेंगे. मुझे अब भी पंजाब किंग्स और RCB ही इस सीजन के फाइनलिस्ट लगते हैं.’ बता दें कि PBKS आज शाम धर्मशाला के खूबसूरत HPCA स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स से भिड़ेगी.
युवा खिलाड़ियों को मौका देने का सही समय
गावस्कर ने पांच बार की विजेता टीम मुंबई के बाकी बचे सीजन के लिए उनकी रणनीति पर विस्तार से बात की और कहा कि यह युवा खिलाड़ियों को मौका देने का सही समय हो सकता है. उन्होंने कहा, ‘T20 क्रिकेट में, उतार-चढ़ाव तो आते ही रहते हैं. जब सीजन खत्म हो जाता है, तब यह सही समय होता है कि ठीक से यह देखा जाए कि क्या गलत हुआ. लेकिन इस चरण में, मेरा मानना है कि सीनियर खिलाड़ियों ने अपना सब कुछ झोंक दिया है. अब, बाकी बचे मैचों में युवा खिलाड़ियों को मौका देना सही हो सकता है. इससे फ्रैंचाइजी को यह समझने में मदद मिलेगी कि ये युवा खिलाड़ी दबाव को कैसे संभालते हैं और क्या वे उन पर दिखाए गए भरोसे को सही साबित कर पाते हैं.’


