सुकमा: सुकमा जिले के कुकानार थाना अंतर्गत पुसगुन्ना क्षेत्र में नक्सलियों और सुरक्षा बलों की मुठभेड़ हुई. मुठभेड़ के बाद घटनास्थल से दो नक्सलियों के शव, जिनमें एक महिला नक्सली भी शामिल है, बरामद किए गए हैं. बस्तर आईजी सुंदरराज पी ने नक्सली मुठभेड़ की पुष्टि की है.
मुठभेड़ के बाद 2 नक्सलियों का मिला शव: आईजी ने बताया “11 जून 2025 की सुबह, कुकानार थाना बल और सुकमा डीआरजी की संयुक्त पुलिस टीम को विश्वसनीय सूचनाओं के आधार पर क्षेत्र में प्रतिबंधित और अवैध संगठन CPI माओवादी के नक्सली कैडरों की मौजूदगी की सूचना मिली थी. जिसके बाद सर्च ऑपरेशन के लिए फोर्स को रवाना किया गया. दोपहर लगभग 14:00 बजे से सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच कई बार मुठभेड़ हुई.”
सुंदरराज पी ने बताया कि प्रारंभिक पहचान के अनुसार, मारे गए नक्सलियों में से एक की पहचान पेदारास एलओएस (Local Organisation Squad) कमांडर बमन के रूप में हुई है, जिस पर 5 लाख रुपये का इनाम घोषित था. मुठभेड़ के बाद बरामद महिला नक्सली के शव की पहचान की प्रक्रिया जारी है.
घटना स्थल से मिला ये सामान: आईजी ने बताया कि घटनास्थल से एक INSAS राइफल, एक 12 बोर राइफल, सहित अन्य हथियार, गोलाबारूद और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है.
जंगल में सर्च ऑपरेशन जारी: पुलिस अधिकारी से जानकारी मिली है कि घटनास्थल के आस-पास के घने जंगलों का लाभ उठाकर फरार हुए अन्य नक्सलियों की तलाश के लिए अतिरिक्त बलों की तैनाती कर दी गई है और सघन सर्च ऑपरेशन जारी है. सर्च ऑपरेशन पूरा होने और जवानों के बेस कैंप लौटने के बाद ज्यादा जानकारी साझा की जाएगी.


