स्थानीय उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंचाने पर जोर, ओएनडीसी और डिजिटल पेमेंट जैसी सुविधाओं की दी गई जानकारी
सीवान, 26 नवंबर 2026। राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, सीवान में गुरुवार को ‘स्टार्टअप बिहार मार्केट कनेक्ट 2026’ का आयोजन किया गया। कॉलेज के स्टार्टअप सेल ने उद्योग विभाग, बिहार सरकार के अंतर्गत संचालित स्टार्टअप बिहार के सहयोग से यह कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें स्थानीय स्टार्टअप संचालकों, विद्यार्थियों और नए उद्यमियों को अपने उत्पादों की बाजार में पहचान बनाने तथा कारोबार का दायरा बढ़ाने के तरीके बताए गए।
संस्थान के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित कार्यक्रम की थीम ‘फ्रॉम लोकल इनोवेशन टू मार्केट ऑपर्च्युनिटीज’ रखी गई थी। चर्चा का मुख्य उद्देश्य स्थानीय स्तर पर विकसित उत्पादों और नवाचारों को व्यापक बाजार से जोड़ने के लिए जरूरी व्यावसायिक जानकारी उपलब्ध कराना था।
उत्पाद के साथ बाजार की समझ भी जरूरी
कार्यक्रम का उद्घाटन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सूर्यकांत सिंह की उपस्थिति में हुआ। इस दौरान जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक विवेक कुमार, स्टार्टअप बिहार के प्रोजेक्ट मैनेजर एमडी शहजाद, स्टार्टअप कोऑर्डिनेटर कुमार आदित्य चंद्र और Zepserv के संस्थापक शहबाज खान शामिल हुए।
प्राचार्य डॉ. सूर्यकांत सिंह ने कहा कि किसी भी स्टार्टअप को आगे बढ़ाने के लिए केवल अच्छा उत्पाद तैयार करना पर्याप्त नहीं है। इसके साथ सही ग्राहक वर्ग की पहचान, बाजार की जरूरतों की समझ और प्रभावी कारोबारी रणनीति भी जरूरी है।
जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक विवेक कुमार ने सरकारी योजनाओं और उद्यमिता से जुड़े अवसरों की जानकारी दी। वहीं, Zepserv के संस्थापक शहबाज खान ने अपने व्यावसायिक अनुभव साझा करते हुए बताया कि बाजार की मांग के अनुसार उत्पादों में बदलाव और ग्राहकों तक प्रभावी पहुंच बनाना कारोबार की सफलता में अहम भूमिका निभाता है।
डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए कारोबार बढ़ाने पर चर्चा
कार्यक्रम में डिजिटल मार्केटिंग, ई-कॉमर्स, डीटूसी मॉडल, ओएनडीसी, लॉजिस्टिक्स, ऑनलाइन पेमेंट इंटीग्रेशन और ब्रांड निर्माण जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने बताया कि डिजिटल माध्यमों और उपलब्ध कारोबारी सुविधाओं का उपयोग कर स्थानीय उत्पादों को बड़े बाजारों तक पहुंचाया जा सकता है।
सत्र के दौरान विद्यार्थियों और उद्यमियों ने विशेषज्ञों से सीधे बातचीत की। उन्होंने अपने उत्पादों, बाजार में पहुंच बनाने और कारोबार के संचालन से जुड़ी चुनौतियों पर सुझाव भी प्राप्त किए।
युवाओं को उद्यमिता के लिए प्रोत्साहित करने का लक्ष्य
स्टार्टअप सेल के समन्वयक कुमार आदित्य चंद्र ने कहा कि स्थानीय नवाचारों को बाजार से जोड़ना इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है। इससे युवाओं को केवल रोजगार तलाशने के बजाय अपना उद्यम शुरू करने और दूसरों के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने की दिशा में आगे बढ़ने में मदद मिलेगी।
उन्होंने बताया कि इस तरह के आयोजनों के माध्यम से नए उद्यमियों को बाजार की जरूरतों, डिजिटल माध्यमों और व्यवसाय विस्तार से जुड़ी व्यावहारिक जानकारी उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
