पलामूः झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 21 नवंबर को पलामू दौरे पर रहेंगे. इस दौरान सीएम “आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार” कार्यक्रम में भाग लेंगे. यह कार्यक्रम पलामू के नीलांबर पीतांबरपूर (लेस्लीगंज) प्रखंड के महावीर मोड़ पर आयोजित होना है. मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर पलामू जिला प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है.
- जिस जगह पर कार्यक्रम आयोजित होना है वह नीलांबर पीतांबरपूर और मेदिनीनगर सदर प्रखंड का सीमावर्ती इलाका है. 2024 के विधानसभा चुनाव के बाद पलामू के इलाके में मुख्यमंत्री का यह पहला सरकारी दौरा है. पलामू दौरे के दौरान सीएम हेमंत सोरेन कई बड़ी योजनाओं के आधारशिला रखेंगे और उद्घाटन करेंगे. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पलामू दौरे के दौरान करोड़ों रुपये की परिसंपत्ति का भी वितरण करेंगे. इस दौरान झारखंड सरकार के कई मंत्री, स्थानीय सांसद और विधायक को भी आमंत्रित किया जाएगा.
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर मंगलवार की देर शाम पलामू जिला प्रशासन को जानकारी मिली है. इसके बाद पलामू जिला प्रशासन ने सीएम के कार्यक्रम को लेकर तैयारियां शुरू कर दी है. जिस जगह पर कार्यक्रम आयोजित होना है वहां की सुरक्षा-व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. जबकि टेंट लगाने का कार्य बुधवार से शुरू होगा. आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पहले भी भाग ले चुके हैं. पलामू के इलाके में 2023 के बाद से सीएम पांच से अधिक बार दौरा कर चुके हैं और कई बड़ी योजनाओं की घोषणा कर चुके हैं.
एसपी और डीडीसी ने की पुष्टि
पलामू एसपी रीष्मा रमेश ने मुख्यमंत्री के संभावित दौरे की पुष्टि की है. वहीं पलामू के उपविकास आयुक्त जावेद हुसैन ने भी बताया कि मुख्यमंत्री का संभावित दौरा 21 नवंबर को होने वाला है.


