Monday, June 8, 2026

सीएम हेमंत सोरेन ने पार्टी के प्रमुख नेताओं के साथ बैठक की.

Share

रांची: झामुमो ने राज्यसभा चुनाव के लिए बैद्यनाथ राम को अपना उम्मीदवार घोषित किया है. इस निर्णय के बाद झामुमो विधायकों और सांसदों की रांची के कांके रोड स्थित सीएम आवास पर अनौपचारिक बैठक हुई. बैठक में सांसद महुआ माजी, मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, हफीजुल हसन अंसारी, झामुमो के विधायक डॉ. स्टीफन मरांडी, सचेतक मथुरा प्रसाद महतो, विधायक राम सूर्य मुंडा, विधायक विकास सिंह मुंडा, विधायक सोमेश चंद्र सोरेन सहित कई नेता मौजूद रहे.

इस बैठक में झामुमो की ओर से राज्यसभा के घोषित उम्मीदवार बैद्यनाथ राम भी शामिल हुए. उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन्हें जो मान और सम्मान दिया है उसे कभी भुला नहीं सकता हूं. झामुमो नेता ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उन पर भरोसा कर उन्हें अपना ऋणी बना दिया है.

JMM meeting

झामुमो की बैठक में बनी जीत की रणनीति

बैठक में रणनीति बनी कि कैसे पूरी एकजुटता से झामुमो प्रत्याशी को जीत दिलाकर राज्यसभा भेजना है. बैठक के दौरान झामुमो विधायक और सांसद की ओर से बैद्यनाथ राम को बधाई और एक कार्यकर्ता को उम्मीदवार बनने के लिए केंद्रीय अध्यक्ष को धन्यवाद ज्ञापित किया गया.

https://geo.dailymotion.com/player/xu5gi.html?video=xadnjsm

राज्यसभा सांसद महुआ माजी का बयान. (वीडियो-ईटीवी भारत)

महुआ माजी ने सीएम के फैसले का स्वागत किया

बैठक के बाद झारखंड से झामुमो की राज्यसभा सांसद डॉ. महुआ माजी ने मीडिया से बातचीत की. इस दौरान उन्होंने पूर्व मंत्री और अनुभवी नेता बैद्यनाथ राम को राज्यसभा का उम्मीदवार बनाने के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि केंद्रीय नेतृत्व का यह फैसला उन लोगों को जवाब है, जो झामुमो को परिवार की पार्टी कह कर तंज कसते थे. राज्यसभा सदस्य डॉ. महुआ माजी ने कहा कि बैद्यनाथ राम एक बेहद अनुभवी और मझे हुए राजनेता हैं और वह झारखंड की समस्याओं को अच्छी तरह समझते हैं. उनके राज्यसभा जाने से राज्य की आवाज को संसद में मजबूती से उठाने में मदद मिलेगी.

Read more

Local News