Sunday, March 15, 2026

साउथ अफ्रीका ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर 8 मुकाबले में भारत पर 76 रनों से बड़ी जीत दर्ज की.

Share

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में साउथ अफ्रीका ने सुपर-8 मुकाबले में भारत को 76 रनों से मात दी. टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए प्रोटियाज ने मिलर के 35 गेंदों पर 63, ब्रेविस के 45 रन और स्टब्स को नाबाद 44 रनों की बदौलत 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 187 रन बनाए. जवाब में भारतीय टीम 18.5 ओवर में 111 रनों पर ही सिमट गई. जिसमें केवल शिवम दुबे ने 42 रनों की पारी खेली.

दोनों टीमों की तरफ से शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन किया गया. भारत की तरफ से जहां जसप्रीत बुमराह ने 4 ओवर में 15 रन देकर 3 विकेट झटके और अर्शदीप सिंह ने 4 ओवर में 28 रन देकर 2 विकेट हासिल किए. वहीं दक्षिण अफ्रीका की तरफ से मार्को जैनसन ने 3.5 ओवर में 22 रन देकर 4 खिलाड़ियों के आउट किया और लुंगी एंगीडी ने 4 ओवर में बिना कोई चौका खाए केवल 15 रन खर्च किए.

इस हार ने भारत के टी20 वर्ल्ड कप में लगातार 12 मैच जीतने के सिलसिले को भी तोड़ दिया. इसके अलावा भी मैच में कई रिकॉर्ड्स बने, आईए उन रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं.

टी20 वर्ल्ड कप में भारत की सबसे बड़ी हार

1- टी20 वर्ल्ड कप में भारत की सबसे बड़ी हार (रनों के हिसाब से)

  • 76 रन बनाम साउथ अफ्रीका – अहमदाबाद 2026
  • 49 रन बनाम ऑस्ट्रेलिया – ब्रिजटाउन 2010
  • 47 रन बनाम न्यूजीलैंड – नागपुर 2016

2- T20I में भारत की दूसरी सबसे बड़ी हार
टी20 इंटरनेशनल में रनों के हिसाब से ये भारत की दूसरी सबसे बड़ी हार है. उनकी सबसे बड़ी हार 80 रनों की ही, जब वो 2019 में वेलिंगटन में न्यूजीलैंड के खिलाफ हारे थे.

3- T20 वर्ल्ड कप में भारत का तीसरा सबसे कम टोटल

  • 79 रन बनाम न्यूजीलैंड – नागपुर 2016
  • 110/7 बनाम न्यूजीलैंड – दुबई 2021
  • 111 रन बनाम साउथ अफ्रीका – अहमदाबाद 2026
  • 118/8 बनाम साउथ अफ्रीका – नॉटिंघम 2009
  • 119 बनाम पाकिस्तान – न्यूयॉर्क 2024

4- T20 वर्ल्ड कप में भारत का विजय रथ रुका
टीम इंडिया 5 जून 2024 से 18 फरवरी 2026 तक लगातार 12 जीत के बाद, भारत को टी20 वर्ल्ड कप में पहली हार मिली.

बुमराह ने हासिल की खास उपलब्धि

5- बुमराह ने अश्विन को छोड़ा पीछे
जसप्रीत बुमराह ने 4 ओवर में 15 रन देकर 3 विकेट हासिल किए. जिसके साथ वो टी20 वर्ल्ड कप में 33 विकेट लेकर भारत के सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए. इससे पहले ये रिकॉर्ड अश्विन और अर्शदीप के नाम था जिन्होंने 32-32 विकेट लिए हैं.

6- लुंगी एनगिडी की खतरनाक गेंदबाजी
लुंगी एनगिडी सात साल पहले 2019 में बेंगलुरु में ब्यूरन हेंड्रिक्स के बाद T20I में भारत के खिलाफ बिना कोई बाउंड्री दिए चार ओवर फेंकने वाले पहले सीमर बन गए हैं.

7- किशन का दूसरा डक
भारतीय ओपनर ईशान किशन अपना खाता खोलने में नाकाम रहे. यह उनके 41वें T20I मैच में उनका दूसरा डक था.

Read more

Local News