Friday, June 6, 2025

सहरसा-फारबिसगंज डेमू पैसेंजर ट्रेन के समय में बदलाव, रेलवे ने अचानक क्यों लिया ये फैसला?

Share

समस्तीपुर रेल मंडल के तहत सहरसा-फारबिसगंज डेमू पैसेंजर ट्रेन के संचालन में तकनीकी कारणों से बदलाव हुआ है। पूर्णिया कोर्ट-सहरसा ट्रेन के विलंब से चलने और बीसीएम ब्लॉक सेक्शन में सुरक्षा कार्य के कारण ट्रेन संख्या 75202 प्रभावित हुई है। यात्रियों को कुछ समय के लिए देरी का सामना करना पड़ सकता है। यह बदलाव अस्थायी है।

समस्तीपुर। समस्तीपुर रेल मंडल के अंतर्गत आने वाली ट्रेन संख्या 75202 (सहरसा-फारबिसगंज) डेमू पैसेंजर के संचालन में तकनीकी एवं परिचालन कारणों के चलते अस्थायी परिवर्तन किया गया है। इसके कारण यात्रियों को कुछ समय तक विलंब का सामना करना पड़ सकता है।

ट्रेन संख्या 75202, जो सहरसा से फारबिसगंज के बीच संचालित होती है, प्रतिदिन सुबह 07:05 बजे सहरसा से प्रस्थान करती है और 11:00 बजे फारबिसगंज पहुंचती है।

फिलहाल, यह ट्रेन निर्धारित समय पर परिचालित नहीं हो पा रही है। इसके पीछे मुख्य कारण इसका लिंक रेक यानी ट्रेन संख्या 05551 (पूर्णिया कोर्ट-सहरसा) का विलंबित संचालन है।

जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 05551, जो प्रतिदिन पूर्णिया कोर्ट से सहरसा के लिए प्रस्थान करती है, अपने निर्धारित समय सुबह 03:00 बजे के स्थान पर अब लगभग 90 मिनट की देरी से चलेगी।

इस कारणवश 75202 डेमू पैसेंजर के परिचालन पर भी प्रभाव पड़ा है। इसके अतिरिक्त, बीसीएम ब्लॉक सेक्शन में संरक्षा से संबंधित आवश्यक कार्य जारी है, जिसके चलते इस खंड में गाड़ियों की गति अस्थायी रूप से सीमित की गई है। यह कार्य 12 जून तक पूरा किए जाने की संभावना है।

बेटिकट यात्रियों से वसूले गए 33.54 लाख रुपये

समस्तीपुर रेल मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर मंगलवार को टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान समस्तीपुर, बापूधाम मोतिहारी, नरकटियागंज, सहरसा, बनमनखी, जयनगर, रक्सौल, दरभंगा, पूर्णिया कोर्ट, सरायगढ़ और सुपौल सहित प्रमुख स्टेशनों पर एक साथ चलाया गया।

रेलवे की इस विशेष कार्रवाई के दौरान कुल 4020 मामलों में यात्रियों को बिना टिकट या गलत टिकट के साथ यात्रा करते पाया गया। इन मामलों से रेलवे को कुल 33 लाख 54 हजार रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है। यह राशि जुर्माने और किराए के रूप में वसूली गई। इस अभियान में कुल 241 टिकट जांच कर्मचारी और अधिकारी शामिल थे, जिन्होंने स्टेशन और ट्रेनों में सघन जांच की।

इस दौरान नियमों का पालन न करने वाले यात्रियों पर कार्रवाई की गई और मौके पर ही उनसे जुर्माना वसूला गया। समस्तीपुर रेल मंडल के जनसंपर्क पदाधिकारी रंजीत कुमार ने बताया कि यात्रियों को सही टिकट लेकर यात्रा करने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से इस तरह का मेगा टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया है।

रेलवे भविष्य में भी इस तरह की सघन जांच करता रहेगा ताकि यात्री नियमों का पालन करें और रेलवे को आर्थिक नुकसान न हो।यात्रियों से अपील है कि वे हमेशा सही टिकट लेकर ही यात्रा करें, अन्यथा पकड़े जाने पर उन्हें जुर्माना भरना पड़ सकता है।

Read more

Local News