सलमान खान फिल्म्स ने अपनी सबसे चर्चित फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’ का नया नाम आधिकारिक तौर पर घोषित कर दिया है, जो अब ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ होगा. मेकर्स ने एक बहुत ही दमदार नया पोस्टर जारी किया है, जो न सिर्फ फिल्म के नाम में बदलाव को दिखाता है, बल्कि एक ऐसा संदेश भी देता है जो आज की दुनिया के लिए बहुत जरूरी है. मेकर्स ने आज 16 मार्च को सोशल मीडिया पर आकर फिल्म के बदले नाम का ऐलान किया है.
इस नए टाइटल की सबसे खास बात इसकी टैगलाइन है, “May War Rest in Peace” (युद्ध को शांति मिले). इस सोच के साथ, सलमान खान ने एक बहुत बड़ी और गहरी बात कही है, जो सिर्फ लड़ाई-झगड़े की बात न करके, पूरी दुनिया में शांति की उम्मीद को जगाती है. फिल्म के नए नाम के साथ एक पोस्टर भी जारी किया गया है, जिसमें सलमान खान का इंटेंस लुक देखने को मिल रहा है.
जहां यह फिल्म गलवान घाटी की ऐतिहासिक घटना से प्रेरित है, वहीं इसके नाम के पीछे छिपा संदेश रणभूमि की सीमाओं से कहीं आगे जाता है. ’मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ के जरिए सलमान खान एक ऐसी सोच सामने लाए हैं, जो दर्शकों के दिलों को गहराई से छू रही है. सोशल मीडिया पर इस एलान ने अभी से चर्चा छेड़ दी है और लोग फिल्म के नाम के पीछे की ताकतवर भावना और इस साहसी कदम की जमकर तारीफ कर रहे हैं.
कब रिलीज होगी फिल्म?
पहले फिल्म की रिलीज डे 17 अप्रैल थी, लेकिन कहा जा रहा है कि फिल्म इस डेट को रिलीज नहीं होगी. दूसरी तरफ फिल्म के नए नाम के साथ आए पोस्टर में फिल्म की रिलीज डेट के बारे में नहीं बताया गया है. माना जा रहा है कि फिल्म इस स्वतंत्रता दिवस 2026 को रिलीज होने जा रही है. इस साल सलमान खान की यह पहली फिल्म होगी. बीते साल सलमान ने फिल्म सिकंदर दी थी, जो बॉक्स ऑफिस पर डिजास्टर साबित हुई. अब सलमान के फैंस को फिल्म मातृभूमि से बड़ी उम्मीदें हैं. अब भाईजान के फैंस को फिल्म की रिलीज डेट के ऐलान का इंतजार है.


