Wednesday, April 29, 2026

सरायकेला में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ की मौजदूगी में दिशा की बैठक हुई.

Share

जिला मुख्यालय के सभागार में बुधवार को विकास की रफ्तार और जन समस्याओं के समाधान को लेकर ‘दिशा’ की उच्चस्तरीय बैठक संपन्न हुई. उपस्थित केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने स्पष्ट संदेश दिया कि जनहित के कार्यों में देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

​बैठक में मंत्री ने भीषण गर्मी के मद्देनजर जिले की पेयजल व्यवस्था की कड़ी समीक्षा की. उन्होंने उपायुक्त को निर्देशित किया कि जल जीवन मिशन का लाभ शत-प्रतिशत घरों तक पहुंचना चाहिए. पेयजल विभाग को निर्देश दिए गए कि पूरे सरायकेला-खरसावां में पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए युद्ध स्तर पर काम करें.

​पितकी फाटक जाम से मिलेगी मुक्ति, NH और JRDCL को फटकार

​चांडिल क्षेत्र की बड़ी समस्या ‘पितकी फाटक जाम’ पर चर्चा करते हुए मंत्री ने कहा कि NH के अधिकारी इसके स्थाई समाधान के लिए कार्य योजना तैयार कर रहे हैं. 11 अप्रैल को प्रशासन और NH के बीच होने वाली बैठक में इसकी अंतिम रूपरेखा तय होगी. वहीं, JRDCL की सड़कों के खराब रखरखाव पर कड़ा रुख अपनाते हुए उन्होंने लापरवाह एजेंसियों को ब्लैकलिस्ट करने की चेतावनी दी.

​अतिक्रमण हटाए जिला प्रशासन

​आदित्यपुर-गम्हरिया में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संजय सेठ ने उपायुक्त को निष्पक्ष जांच के आदेश दिए. उन्होंने अधिकारियों को सख्त लहजे में कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मुद्दों का जिला प्रशासन त्वरित समाधान करें.

बैठक में सांसद जोबा मांझी, कालीचरण मुंडा, विधायक सविता महतो, दशरथ गागराई, आदित्यपुर के नवनियुक्त मेयर संजय सरदार और जिले के तमाम आला अधिकारी मौजूद रहे.

Read more

Local News