Tuesday, March 17, 2026

सब्जी मंडी मीना बाजार की दुकानों में आग लगने से करीब तीन लाख का नुकसान, दुकानदारों में आक्रोश

Share

देवघर की सब्जी मंडी (मीना बाजार) में दो दुकानों में असामाजिक तत्वों ने आग लगा दी. इससे करीब तीन लाख का नुकसान हुआ है. समय पर आग पर काबू पा लिया गया, वर्ना बड़ी घटना हो सकती थी. दुकानदारों में आक्रोश है.

 देवघर-झारखंड के देवघर नगर थाना क्षेत्र की सब्जी मंडी (मीना बाजार) में मसाला और तेल की दो दुकानों में सोमवार की देर रात असामाजिक तत्वों ने आग लगा दी. इससे दोनों दुकानों में रखे सामान जल गए, जिससे करीब तीन लाख की संपत्ति का नुकसान हो गया. देर रात करीब 12:30 बजे बगल के लोगों ने दोनों दुकानों से धुआं निकलते देखा तो दोनों दुकानदारों को सूचना दी. दुकानदारों ने अग्निशमन विभाग के कार्यालय पहुंचकर घटना की सूचना दी. इस बीच आसपास के लोगों की मदद से आग को बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया गया. सूचना पाकर अग्निशमन विभाग के कर्मी जब तक दमकल लेकर घटनास्थल पहुंचे, तब तक लोगों की मदद से दुकानों में लगी आग पर काबू पा लिया गया था.

समय रहते आग पर पा लिया गया था काबू


सूचना पाकर नगर थाना गश्ती दल भी मौके पर पहुंचा. घटना से एक दुकान में करीब दो लाख और दूसरे दुकान में करीब एक लाख के नुकसान का दावा किया गया है. घटना की जानकारी होते ही देर रात रहने के बावजूद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गयी थी. पप्पू केसरी और शिव प्रसाद केसरी की दुकान में आग लगी थी, जिसमें पप्पू ने घटना में दो लाख रुपये और शिव प्रसाद ने एक लाख के सामान के नुकसान का दावा किया है. मीना बाजार के दुकानदारों का कहना है कि समय रहते दोनों दुकानों में लगी आग पर काबू पा लिया गया. अगर आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो मीना बाजार की कई दुकानें जलकर राख हो जाती.

50 लाख से अधिक की आय, लेकिन सुविधा नदारद


निगम को सालाना 50 लाख से अधिक की आय, सुरक्षा नदारद-दुकानदार
सब्जी मंडी मीना बाजार के दुकानदारों में आक्रोश देखा गया. उन्होंने कहा कि देवघर नगर निगम हर वर्ष 50 लाख रुपये से भी अधिक की बंदोबस्ती कर राजस्व की वसूली करता है. बावजूद सुविधा के नाम पर कुछ नहीं किया जाता है. सीसीटीवी कैमरे लगाने की बात थी, लेकिन नहीं लगे और ना ही यहां सुरक्षा का कोई बंदोबस्त है. ऐसे में पूरे मीना बाजार में भय का माहौल है. पीड़ित दुकानदारों ने घटना को लेकर अग्निशमन विभाग और नगर थाने को दिए आवेदन में कहा है कि असामाजिक तत्वों द्वारा देर रात उनकी दुकानों में आग लगा दी गयी है.

Read more

Local News