जामताड़ा/गुमला, 26 नवंबर 2026। संविधान दिवस के मौके पर गुरुवार को जामताड़ा और गुमला के सरकारी एवं न्यायिक संस्थानों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। न्यायिक अधिकारियों, प्रशासनिक पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया। इस दौरान न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के सिद्धांतों को व्यवहार में अपनाने का संकल्प लिया गया।
जामताड़ा व्यवहार न्यायालय में न्यायिक पदाधिकारियों ने ली शपथ
जामताड़ा व्यवहार न्यायालय परिसर में हुए कार्यक्रम में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनुज कुमार सहित न्यायिक पदाधिकारी और न्यायालय के कर्मचारी शामिल हुए। मौके पर फैमिली जज राजेश कुमार, एडीजे-1 अजय कुमार श्रीवास्तव, सीजेएम नीतीश निलेश सांगा, एसीजेएम एमडी नईम अंसारी, एसडीजेएम अमित अल्डा, डीएलएसए सचिव पवन कुमार और कोर्ट मैनेजर शुभेंदु मोहंती समेत अन्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में सभी ने संविधान की प्रस्तावना में वर्णित आदर्शों के अनुरूप काम करने की शपथ ली। अधिकारियों ने अपने न्यायिक और प्रशासनिक दायित्वों का निर्वहन ईमानदारी, निष्पक्षता और निष्ठा के साथ करने का संकल्प भी दोहराया।
गुमला समाहरणालय में प्रस्तावना का सामूहिक पाठ
गुमला समाहरणालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में उपायुक्त दिलेश्वर महतो, पुलिस अधीक्षक हरीश बिन जमा, डीडीसी अनिमेष रंजन, अपर समाहर्ता सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
इस अवसर पर सभी ने संविधान की प्रस्तावना पढ़ते हुए भारत को संपूर्ण प्रभुत्व-संपन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष और लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाए रखने के संकल्प को दोहराया। साथ ही नागरिकों को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय दिलाने तथा विचार एवं अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता सुनिश्चित करने के संवैधानिक आदर्शों के प्रति प्रतिबद्धता जताई।
अधिकारियों और कर्मचारियों ने प्रतिष्ठा एवं अवसर की समानता, व्यक्ति की गरिमा और राष्ट्रीय एकता-अखंडता को मजबूत करने के लिए बंधुता की भावना को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।
प्रखंड और अन्य सरकारी कार्यालयों में भी आयोजन
गुमला जिले के विभिन्न प्रखंड कार्यालयों और सरकारी संस्थानों में भी संविधान दिवस मनाया गया। यहां अधिकारियों और कर्मचारियों ने प्रस्तावना का पाठ कर लोकतांत्रिक व्यवस्था, संवैधानिक मूल्यों और नागरिक कर्तव्यों के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त की।
गौरतलब है कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था। इसी ऐतिहासिक घटना की याद में हर साल 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है। इस दिन का उद्देश्य संविधान में निहित अधिकारों, कर्तव्यों और न्याय, स्वतंत्रता, समानता तथा बंधुता जैसे मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
