Sunday, September 13, 2026

संत अर्नोल्ड तुरबुंगा ने जीता फादर जे बकार्ट बालिका फुटबॉल टूर्नामेंट का खिताब.

Share

गुमला: जय किसान 10+2 हाई स्कूल मांझाटोली में रविवार को 15वीं फादर जे बकार्ट बालिका आवासीय फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला खेला गया। खिताबी मुकाबले में संत अर्नोल्ड हाई स्कूल तुरबुंगा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए संत मरिया हाई स्कूल दलमदी को 3-0 से हराकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली।

प्रतियोगिता में कुल 10 विद्यालयों की छात्राओं ने हिस्सा लिया। फाइनल से पहले अतिथियों का पारंपरिक नृत्य, गीत और ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया गया। इसके बाद अतिथियों ने फादर जे बकार्ट की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए और खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ किया।

ग्रामीण इलाकों में खेल प्रतिभाओं को मंच देने पर जोर

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि और पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की कमी नहीं है। जरूरत इस बात की है कि उन्हें सही मंच, अवसर और मार्गदर्शन मिले। उन्होंने कहा कि बालिका फुटबॉल जैसी प्रतियोगिताएं छात्राओं को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर देती हैं।

उन्होंने खिलाड़ियों से हार को लेकर निराश न होने की अपील की। उनके अनुसार, हार से सीख लेकर खिलाड़ी आगे बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं। अनुशासन, मेहनत और आत्मविश्वास के साथ स्थानीय स्तर की प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को आगे राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का रास्ता दिखा सकती हैं।

शिक्षा के साथ खेल भी जरूरी : मिशिर कुजूर

विशिष्ट अतिथि मिशिर कुजूर ने कहा कि विद्यार्थियों के लिए पढ़ाई के साथ खेल गतिविधियां भी जरूरी हैं। खेलों से शारीरिक स्वास्थ्य के अलावा अनुशासन, धैर्य और लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्धता जैसी खूबियां विकसित होती हैं।

उन्होंने कहा कि बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता छात्राओं को अपनी खेल प्रतिभा और कौशल प्रदर्शित करने के लिए अच्छा मंच उपलब्ध करा रही है।

खेल मैदान के लिए 50 हजार रुपये की सहायता

कार्यक्रम के दौरान धीरज प्रसाद साहू ने अपने निजी मद से स्कूल के खेल मैदान के सौंदर्यीकरण के लिए 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। इसके बाद विजेता संत अर्नोल्ड हाई स्कूल तुरबुंगा और उपविजेता संत मरिया हाई स्कूल दलमदी की टीम को अतिथियों ने ट्रॉफी और खस्सी देकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में स्कूल के प्रधानाचार्य फादर सिप्रियन कुजूर, फादर विजय तिग्गा, दीपांकर साहू, मिशिर कुजूर, नरेश उरांव, प्रेमचंद बाड़ा, अजय बेक, सुशमा लकड़ा, रामू तिर्की, ज्योति केरकेट्टा, सीमा बाखला, सुचिता इंदवार, रामनाथ साहू, सलोमी डांग, अंशुमाला मिंज, अनिमा टोप्पो, रजनी लकड़ा और अंजली केरकेट्टा समेत कई लोग मौजूद रहे।

Read more

Local News