हजारीबाग: शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में लापरवाही के कारण मां और उसके पेट में पल रहे बच्चे की मौत हो गई. घटना के पीछे का कारण ओटी रूम में ओटी बेड से मरीज के गिरना बताया जा रहा है. परिजन जहां अस्पताल प्रबंधन पर आरोप लगा रहे हैं तो वहीं अस्पताल प्रबंधन ने मरीज के परिजनों पर लापरवाही का आरोप लगाया है.
शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चांदनी कुमारी और उसके गर्भ में पल रहे बच्चे की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि बीती रात चांदनी कुमारी को प्रसव पीड़ा हुई थी. उसे ओटी रूम में ले जाया गया था. जहां वह ओटी बेड से ही फर्श पर गिर गई. जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई. वहां से परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए. जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल परिसर में आकर जमकर हंगामा किया और तोड़फोड़ की.
- इधर, परिजनों ने आरोप लगाया है कि ओटी कमरे में डॉक्टर नहीं था. नर्स के सहारे बच्चों का जन्म हो रहा था. नर्स की लापरवाही के कारण ही महिला ओटी बेड से ही फर्श पर गिर गई. जिसके कारण मां और बच्चे दोनों की मौत हो गई.
सिविल सर्जन ने परिजनों पर लगाया लापरवाही का आरोप
वहीं दूसरी ओर सदर अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार ने घटना पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मरीज के परिजनों की लापरवाही की वजह से मरीज फर्श में गिर गई थी. उसके परिजन उसे जबरन निजी अस्पताल में ले गए. उस दौरान उसकी मौत हो गई. जिसके बाद परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया. अगर महिला के परिजन मरीज को नहीं ले जाते तो शायद उसकी जान बचाई जा सकती थी. मृतक हजारीबाग के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत कहानी बाजार की रहने वाली थी.


