भारत और न्यूजीलैंड के बीच दूसरा वनडे मैच राजकोट के निरंजन शाह स्टेडियम में खेला जा रहा है. भारतीय टीम टॉस हरने के बाद पहले बल्लेबाजी कर रही है. सीरीज के पहले मैच में 91 गेंद में शानदार 93 रन बनाने वाले स्टार बल्लेबाज विराट कोहली से फैंस को काफी उम्मीदें थीं, लेकिन वो ज्यादा देर तक क्रीज पर नहीं टिक सके और 29 गेंद पर केवल 23 रन बनाकर पवेलिया लौट गए.
कोहली ने सचिन को छोड़ा पीछे
विराट कोहली मैच में भले ही सस्ते में आउट हो गए लेकिन वो एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम करने से नहीं चुके. वो अब भारत बनाम न्यूजीलैंड वनडे मैच में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. इससे पहले ये रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम था, जिन्होंने 42 मैच की 41 पारी में कुल 1750 रन बनाए थे, लेकिन अब कोहली ने 35 मैच की 35 पारी में 1773 रन बना लिए हैं. तीसरे नंबर पर न्यूजीलैंड के रॉस टेलर हैं जिनके नाम 35 मैच की 34 पारी में 1385 रन हैं.
IND vs NZ वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने वाला बल्लेबाज
| खिलाड़ी | देश | मैच | रन |
| विराट कोहली | भारत | 35 | 1773 |
| सचिन तेंदुलकर | भारत | 42 | 1750 |
| रॉस टेलर | न्यूजीलैंड | 35 | 1385 |
| केन विलियमसन | न्यूजीलैंड | 31 | 1239 |
न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज शुरू होने से पहले विराट कोहली को सचिन का ये रिकॉर्ड तोड़ने के लिए 94 रनों की जरूरत थी, लेकिन कोहली पहले मैच में 93 रन पर आउट हो गए, जिसकी वजह से कोहली को एक मैच का इंतजार करना पड़ा और फिर दूसरे मैच की अपनी पहली ही गेंद पर चौका लगा कर महान बल्लेबाज सचिन का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ दिया.
कोहली एक और रिकॉर्ड के करीब
कोहली के पास इस सीरीज में एक और भी रिकॉर्ड अपने नाम करने का मौका है. अगर किंग कोहली इस सीरीज के आखिरी मैच में शतक बनाने में सफल हो जाते हैं तो वो न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे में सबसे ज्यादा शतक बनाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे. अभी तक 6 शतको के साथ वो रिकी पोंटिंग और विरेंद्र सहवाग के साथ बराबरी पर खड़े हैं.
वनडे का नंबर वन बल्लेबाज
इस बीच आईसीसी की ताजा वनडे रैकिंग में विराट कोहली एक बार फिर से नंबर-1 बल्लेबाज बन गए हैं. इससे पहले वो 2021 में आखिरी बार इस पोजीशन पर पहुंचे थे. ये 11वां मौका है जब कोहली वनडे के बादशाह बने हैं.


