Sunday, March 29, 2026

 विराट कोहली की बायोपिक बनाने पर अनुराग कश्यप ने बड़ी बात बोली है.

Share

 भारतीय क्रिकेट टीम के कई दिग्गज खिलाड़ियों की बायोपिक बन चुकी है, जिसमें पूर्व कप्तान एमएस धोनी, मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर और मिताली राज का नाम सबसे ऊपर है. इन तीनों खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत और लगन से क्रिकेट की दुनिया में इतना ज्यादा नाम कमाया कि आज इनके लाखो फॉलोवर्स हैं. हर कोई उनकी मेहनत और निजी लाइफ के बारे में जानना चाहता था जिसकी वजह से इन क्रिकेट सितारों को सिनेमा घरों में भी दिखाया गया.

विराट कोहली का क्रेज
आज के दौर में वैसा ही क्रेज विराट कोहली का है. उनका भारतीय क्रिकेट में एक खास स्थान है. सचिन और धोनी के बाद उन्होंने खूब नाम कमाया. उनके भी लाखों करोड़ों फॉलोवर्स हैं. बहुत से लोग सिर्फ कोहली के लिए क्रिकेट मैच देखने स्टेडियम आते हैं. उन्होंने ये सम्मान न सिर्फ अपने खेल से, बल्कि अपने व्यवहार और अनुशासन से कमाया है. आज भी 36 साल के होने के बावजूद वो भारतीय क्रिकेट टीम के सबसे फिट खिलाड़ियों में से एक है.

विराट कोहली की बायोपिक
विराट का व्यवहार मैदान के अंदर कुछ और और मैदान के बाहर कुछ और ही नजर आते हैं. उनके साथ खेलने वाले कई खिलाड़ियों ने खुलासा भी किया है कि विराट जैसा मैदान पर दिखता है वैसा वो है नहीं. धोनी ने उसे फुल इंटरटेनमेंट पैकेज कहा है. हालांकि, विराट कोहली की निजी जिंदगी में कई दिलचस्प मोड़ आए हैं. ऐसे में, क्रिकेट प्रशंसक हमेशा से विराट कोहली की भी बायोपिक देखना चाहते हैं. इस बारे में पहले भी कई अटकलें लगाई जा चुकी हैं, लेकिन अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है. अब बॉलीवुड निर्देशक अनुराग कश्यप ने कोहली की बायोपिक के बारे में बात की है.

अनुराग कश्यप ने क्या कहा?
अनुराग कश्यप ने अपनी आने वाली फिल्म ‘निशानची’ के प्रमोशन में दिए गए एक इंटरव्यू में कहा कि वह विराट कोहली की बायोपिक का निर्देशन नहीं करना चाहते. उन्होंने कहा, ‘मुझे नहीं पता कि मैं ऐसा करना चाहूंगा या नहीं. क्योंकि विराट कोहली पहले से ही लाखों लोगों, बच्चों और युवाओं के लिए हीरो हैं. अगर मुझे कोई बायोपिक बनानी पड़े, तो मैं किसी व्यक्ति के जीवन से कोई मुश्किल विषय चुनूंगा. वो एक खूबसूरत इंसान हैं. मैं उन्हें व्यक्तिगत रूप से जानता हूं, वह बहुत भावुक हैं, एक अद्भुत और अनुशासनप्रिय इंसान हैं. वह आम आदमी का हिस्सा बनने के लिए हमेशा तैयार रहते हैं. वह कभी भी अलग-थलग नहीं रहना चाहते. इसलिए वह उन लोगों में से एक हैं जिनकी मैं हमेशा प्रशंसा और सम्मान करता हूं.’

अनुराग बतौर निर्देशक
अनुराग की बात करें तो उन्होंने अब तक कई फिल्मों में बतौर निर्देशक काम कर चुके है. जिसमें देव डी, गैंग्स ऑफ वासेपुर पार्ट 1 और पार्ट 2, रमन राघव 2.0, लस्ट स्टोरीज जैसी कई फिल्में शामिल हैं. उन्होनें कुछ फिल्मों में अभिनेता के रूप में भी दर्शकों का मनोरंजन किया हैं. उनकी अगली फिल्म अब कुछ ही दिनों में “निशानची” के नाम से दर्शकों के सामने आने वाली है. उत्तर प्रदेश की पृष्ठभूमि पर आधारित इस फिल्म में मोनिका पंवार, वेधिका पिंटो, मोहम्मद जीशान अयूब और कुमुद मिश्रा मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे. अनुराग कश्यप द्वारा निर्देशित यह फिल्म 19 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.

Read more

Local News