Saturday, April 4, 2026

वनडे सीरीज का पहला मुकाबना संपन्न होने के बाद भारत और साउथ अफ्रीका की टीमें रांची से रवाना हो गईं.

Share

रांची: भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच रविवार को खेले गए पहले वनडे में टीम इंडिया ने शानदार जीत दर्ज की. 17 रन से मिली इस जीत ने रांची के JSCA स्टेडियम में मौजूद दर्शकों का जोश दोगुना कर दिया. मैदान में बल्ले और गेंद से दम दिखाने के बाद सोमवार को दोनों टीमें रांची से आगे के मुकाबले के लिए रवाना हो गईं. लेकिन खिलाड़ियों के रुख्सत होते ही रांची का माहौल एक बार फिर क्रिकेट के रंग में डूब गया.

सुबह से ही बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के बाहर भारी भीड़ इकट्ठा होने लगी. जेर्सी पहने युवा, टीम इंडिया का झंडा लहराते छोटे बच्चे, और मोबाइल कैमरा ऑन किए फैंस… हर कोई बस एक ही उम्मीद लेकर पहुंचा था कि वे अपने पसंदीदा खिलाड़ी की एक झलक पा सकें. एयरपोर्ट के मेन गेट से लेकर VIP लाउंज तक फैंस का हुजूम ऐसा लग रहा था, मानो रांची में एक और मैच शुरू होने वाला हो.

स्टेडियम में शतक लगाने वाले विराट कोहली से लेकर कप्तान केएल राहुल और रोहित शर्मा तक, जैसे ही खिलाड़ी एयरपोर्ट पहुंचे, फैंस का शोर गूंज उठा. सुरक्षा घेरे के बावजूद कई जगह खिलाड़ी भीड़ को हाथ हिलाकर अभिवादन करते दिखे. खासकर विराट को देखने की चाहत में युवाओं की भीड़ कई बार आगे बढ़ती दिखाई दी. वहीं रोहित शर्मा और कुलदीप यादव को भी काफी प्यार मिला. कुलदीप के चार विकेट अभी भी लोगों की चर्चा में थे.

दूसरी ओर, दक्षिण अफ्रीका टीम के खिलाड़ियों के लिए भी रांची के दर्शकों ने समान उत्साह दिखाया. मैथ्यू ब्रीट्जके और मार्को यानसन- दोनों ने शानदार पारी खेली थी, इसलिए जब वे एयरपोर्ट पहुंचे तो लोगों ने तालियां बजाकर उनका स्वागत किया. यानसन ने मुस्कुराते हुए फैंस की तरफ हाथ हिलाया, तो कई दर्शक उनकी वीडियो बनाने में जुट गए.

IND vs SA ODI

रांची के जिस होटल में दोनों टीमें ठहरी थीं, वहां भी सुबह से ही भीड़ लगी रही. फैंस होटल के बाहर खड़े होकर खिलाड़ियों के बाहर आने का इंतजार करते रहे. जब बस होटल से निकली तो फैंस ने मोबाइल की फ्लैशलाइट ऑन कर बस को घेर लिया. बच्चे रोहित भैया और विराट सर की आवाज देते दिखे. कई फैंस बस के गुजरते ही खुशी से झूम उठे. जैसे मैच खत्म होने के बाद भी क्रिकेट का जुनून कम नहीं हुआ हो.

जीत के बाद टीम इंडिया का मूड भी अच्छा दिखाई पड़ा. खिलाड़ियों ने रायपुर में होने वाले दूसरे वनडे की तैयारी पर फोकस करने का संदेश दिया. वहीं भारतीय टीम मैनेजमेंट ने साफ किया कि पहले मैच की जीत को भुलाकर अब पूरा ध्यान अगले मुकाबले पर है. राहुल की कप्तानी में टीम ने जिस तरह बैटिंग और बॉलिंग दोनों में तालमेल दिखाया, उससे दूसरा मैच और भी रोमांचक होने की संभावना है.

Read more

Local News