पलामू: लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के बसौरा स्थित इंजीनियरिंग कॉलेज में हॉस्टल मेस के खाने को लेकर गुरुवार देर रात छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया। छात्रों ने मेस में गुणवत्तापूर्ण भोजन नहीं मिलने और खराब खाना परोसे जाने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। बड़ी संख्या में छात्र कॉलेज के बाहर डालटनगंज-पांकी मार्ग के पास एकत्र हुए और मेस संचालक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
मामले की सूचना मिलने के बाद सदर एसडीएम संजय पांडेय, लेस्लीगंज के अंचल अधिकारी जागो महतो और फूड सेफ्टी विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने छात्रों से बातचीत कर उनकी शिकायतें सुनीं। इसके बाद खाद्य सुरक्षा टीम ने मेस में तैयार भोजन के साथ-साथ इस्तेमाल की जा रही कुछ खाद्य सामग्रियों के नमूने भी अपने कब्जे में लिए।
सदर एसडीएम संजय पांडेय ने बताया कि छात्रों की शिकायत को गंभीरता से लिया गया है और मामले में आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि भोजन और अन्य सामग्री के सैंपल जब्त किए गए हैं, जिनकी जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
छात्रों का आरोप है कि मेस में उन्हें निर्धारित गुणवत्ता के अनुरूप भोजन नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने खाने में मिलावट होने की भी शिकायत की और मेस संचालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। बताया गया कि जिस मेस को लेकर छात्रों ने शिकायत की है, वहां करीब 200 विद्यार्थियों के लिए भोजन तैयार किया जाता है।
फूड सेफ्टी टीम द्वारा सैंपल लिए जाने और प्रशासन की ओर से कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद छात्रों का विरोध शांत हुआ। इसके बाद सभी छात्र वापस अपने हॉस्टल लौट गए।
