लातेहार: जिले के बरवाडीह थाना की कमान अब प्रशिक्षु डीएसपी रामलखन वर्णवाल संभालेंगे। लातेहार एसपी कुमार गौरव ने उन्हें नया थाना प्रभारी नियुक्त किया है। शनिवार को रामलखन वर्णवाल ने निवर्तमान थाना प्रभारी अनुराग कुमार से प्रभार ग्रहण किया।
पदभार संभालते ही पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक
चार्ज लेने के बाद प्रशिक्षु डीएसपी ने थाना क्षेत्र की कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देशों पर चर्चा हुई।
नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाने की तैयारी
मीडिया से बातचीत में रामलखन वर्णवाल ने कहा कि थाना क्षेत्र में अमन-चैन और कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाने की बात कही।
उन्होंने कहा कि नशे का असर समाज और खासकर युवाओं पर गंभीर रूप से पड़ रहा है। युवाओं को इससे दूर रखने के लिए पुलिस की ओर से जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा।
नशे का कारोबार करने वालों की सूचना देने की अपील
प्रशिक्षु डीएसपी ने आम लोगों से अपील की कि यदि उनके क्षेत्र में नशीले पदार्थों की बिक्री या इससे जुड़ी गतिविधियों की जानकारी मिलती है, तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि पुलिस और आम लोगों के सहयोग से नशे के खिलाफ अभियान को प्रभावी बनाया जा सकता है।
BHARATSUPERFASTNEWS
