पलामू: झारखंड के विभिन्न इलाकों में राष्ट्रीय महिला आयोग की टीम दौरा कर रही है. रविवार को राष्ट्रीय महिला आयोग की टीम पलामू पहुंची थी, जहां सामाजिक समरसता में महिलाओं की भूमिका पर एक कार्यशाला में टीम ने भाग लिया. टीम का नेतृत्व राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य ममता कुमारी कर रही हैं.
मेदिनीनगर में आयोजित कार्यशाला में ममता कुमारी ने महिलाओं के और उनके अधिकारों को लेकर स्थानीय महिलाओं को जानकारी दी. मीडिया से बातचीत करते हुए राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य ममता कुमारी ने कहा कि देश की आधी आबादी के साथ राष्ट्रीय महिला आयोग खड़ी है. महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और शिक्षा के प्रति राष्ट्रीय महिला आयोग संकल्पित है.
ममता कुमारी ने कहा कि महिलाओं से कहा गया है कि उनकी इच्छा शक्ति जितनी मजबूत होगी, वह भी उतना मजबूत होंगी. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिया है. महिलाओं को अपने कलम से अपनी तकदीर लिखने का वक्त आ गया है. महिला आयोग सदस्य ममता कुमारी ने कहा कि देश की राष्ट्रपति झारखंड की राज्यपाल रह चुकी हैं, उनके संघर्षों को भी देखना चाहिए और उनसे प्रेरणा लेनी चाहिए.
पलामू में आयोजित कार्यशाला में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी नीता चौहान ने भी भाग लिया. महिला आयोग की इस कार्यशाला में बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी सेविका, सहिया, जल सहिया आदि ने भाग लिया. इस दौरान आयोग की टीम ने कई महिलाओं से भी बातचीत की और उनकी समस्याओं को भी सुना है.


