राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का एक बार फिर जमशेदपुर के लोगों के प्रति प्रेम और अपार स्नेह देखने को मिला. राष्ट्रपति ने एक कार्यक्रम के बाद प्रोटोकॉल को तोड़कर शहरवासियों से हाथ मिलाया और बच्चों के बीच चॉकलेट बांटे. राष्ट्रपति की सादगी की चहुंओर प्रशंसा हो रही है.
दरअसल, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू कदमा में श्री जगन्नाथ मंदिर के निर्माण के लिए भूमि पूजन कार्यक्रम के बाद बारिडीह स्थित मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज में आयोजित एक कार्यक्रम में पहुंचीं थीं. कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जैसे ही राष्ट्रपति का काफिला कॉलेज से बाहर निकला उन्हें देखने के लिए सड़क किनारे लोगों की भीड़ लग गई.
मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज से बाहर निकलते ही राष्ट्रपति का वाहन रुका और राष्ट्रपति अपने वाहन से बाहर निकलकर लोगों से मिलने लगीं. इस दौरान राष्ट्रपति ने बच्चों के बीच चॉकलेट भी बांटा.इस दौरान लोगों ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का गर्मजोशी से स्वागत किया. साथ ही वंदे मातरम और भारत माता की जय के नारे लगाए. अपने बीच राष्ट्रपति को देखकर लोगों में जबरदस्त उत्साह नजर आया.

आपको बता दें कि पिछली बार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जमशेदपुर में संथाली लिपि के कार्यक्रम में पहुंची थीं. इसके बाद राष्ट्रपति सरायकेला जिला के आदित्यपुर NIT कॉलेज पहुंचीं थीं. पिछली बार भी वापसी के दौरान आदित्यपुर में ऐसा ही नजारा दिखा था, जहां राष्ट्रपति आम जनता से मिली थीं और उनका अभिवादन किया था.


