रामगढ़: जिले के छावनी परिषद फुटबॉल मैदान में सोमवार को रोजगार मेला 2026 आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षित बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना था। मेले में विभिन्न कंपनियों ने अपनी रिक्तियों के लिए अभ्यर्थियों से आवेदन लिए और चयन प्रक्रिया पूरी की।
कार्यक्रम का उद्घाटन रामगढ़ नगर परिषद के उपाध्यक्ष रंधीर कुमार गुप्ता, रामगढ़ विधायक प्रतिनिधि संजय साय और जिला नियोजन पदाधिकारी धनंजय कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
स्थानीय और बाहरी कंपनियों ने दी रोजगार की जानकारी
जिला नियोजन पदाधिकारी धनंजय कुमार ने बताया कि रोजगार मेले में रामगढ़ के साथ-साथ देश के अन्य हिस्सों से आए निजी क्षेत्र के नियोजकों ने भाग लिया। स्थानीय स्तर पर V-Mart, Globe Automobiles, Parallax Honda, City Style, Premsons Bajaj LLP और Sri Guru Nanak Senior Secondary Public School, Ramgarh जैसी संस्थाओं की रिक्तियां उपलब्ध थीं।
इसके अलावा चेन्नई स्थित NTTF और तमिलनाडु की Ather Energy Ltd. समेत अन्य नियोजकों की ओर से भी रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए।
युवाओं को योग्यता के अनुसार अवसर चुनने की सलाह
मुख्य अतिथि रंधीर कुमार गुप्ता ने रोजगार मेले में पहुंचे युवक-युवतियों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों को अपनी शैक्षणिक योग्यता, रुचि और कौशल के अनुरूप उपलब्ध पदों का चयन करना चाहिए।
उन्होंने युवाओं से सरकार की ओर से आयोजित ऐसे रोजगार आयोजनों का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। उनके मुताबिक, इस तरह के मेलों के जरिए स्थानीय युवाओं को विभिन्न निजी संस्थानों तक सीधे पहुंचने का अवसर मिलता है।
131 अभ्यर्थियों का चयन, 241 अगले चरण में
रोजगार मेले में कुल 131 युवक-युवतियों का चयन किया गया। इसके अलावा 241 अभ्यर्थियों को अगले चरण की प्रक्रिया के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में कुलदीप सिंह, शेख अमजद इमाम, वंदना कुमारी, विक्रम कुमार मलहार, जितेंद्र कुमार, बबलू नायक, नरेश कुमार महतो और खुर्शीद आलम समेत अन्य लोगों ने सहयोग किया।
