Wednesday, October 28, 2026

रामगढ़ में ‘प्रोजेक्ट सामर्थ’ के शिविर, वंचित परिवारों को मौके पर मिली सरकारी योजनाओं की सुविधा.

Share

रामगढ़, 7 अक्टूबर 2026: जिले के दूरदराज इलाकों में रहने वाले आदिम जनजाति समुदाय और जरूरतमंद परिवारों तक सरकारी योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए ‘प्रोजेक्ट सामर्थ’ के तहत विशेष शिविर लगाए गए। चितरपुर प्रखंड की कोयहारा पंचायत और गोला प्रखंड की साडम पंचायत में आयोजित शिविरों में ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं का मौके पर समाधान किया गया।

18 से अधिक विभागों के लगाए गए स्टॉल

शिविर में विभिन्न सरकारी विभागों की ओर से 18 से ज्यादा स्टॉल लगाए गए। यहां पेंशन, स्वास्थ्य, पेयजल, बिजली, शिक्षा, सड़क, राशन और प्रमाण पत्र से संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।

जाति प्रमाण पत्र, आवासीय प्रमाण पत्र और जॉब कार्ड जैसी सुविधाओं से जुड़े कार्य भी किए गए। पात्र लाभुकों को मौके पर स्वीकृति पत्र और विभिन्न परिसंपत्तियां उपलब्ध कराई गईं।

34 गांवों में घर-घर सर्वे

उपायुक्त ऋतुराज ने बताया कि ‘प्रोजेक्ट सामर्थ’ के तहत जिला कल्याण विभाग ने 34 गांवों और टोलों को चिन्हित किया है। इन क्षेत्रों में घर-घर सर्वे कर PVTG और ST परिवारों की मूलभूत जरूरतों से जुड़ा डेटा तैयार किया गया है।

प्रशासनिक अधिकारी खुद बिरहोर और अन्य PVTG बस्तियों में पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याओं की जानकारी ले रहे हैं, ताकि योजनाओं का लाभ लेने में आ रही परेशानियों को स्थानीय स्तर पर दूर किया जा सके।

छह महीने में सभी पात्र परिवारों को योजनाओं से जोड़ने का लक्ष्य

जिला प्रशासन ने अगले छह महीनों के भीतर चिन्हित परिवारों को आवास, स्वच्छ पेयजल, स्वास्थ्य, बिजली, सड़क और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं से शत-प्रतिशत जोड़ने का लक्ष्य रखा है।

उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजना के लाभ से वंचित न रहे।

विधायक ने शिक्षा और स्वास्थ्य पर दिया जोर

कार्यक्रम में विधायक ममता देवी ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता है। उन्होंने ‘प्रोजेक्ट सामर्थ’ जैसे शिविरों को दूरस्थ क्षेत्रों के जरूरतमंद परिवारों के लिए उपयोगी बताया।

उन्होंने ग्रामीणों से स्कूल, स्वास्थ्य सुविधाओं और बेहतर सड़क जैसी सरकारी सुविधाओं का लाभ उठाने की अपील की। साथ ही अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने का आग्रह किया।

कार्यक्रम में उपायुक्त ऋतुराज, जिला परिषद अध्यक्ष सुधा देवी, उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, सांसद प्रतिनिधि, स्थानीय जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

BHARATSUPERFASTNEWS

Read more

Local News