राज्य निर्वाचन पदाेधिकारी के रवि कुमार दो दिवसीय संथाल परगना दौरे पर हैं. अपने दौरे की शुरुआत उन्होंने देवघर जिले के मधुपुर अनुमंडल से की, जहां पहुंचने पर उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया और अनुमंडल पदाधिकारी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया.
मधुपुर में आयोजित बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) और सुपरवाइजरों के विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम में राज्य निर्वाचन आयुक्त ने हिस्सा लिया. इस दौरान उन्होंने फील्ड स्तर के अधिकारियों से सीधा संवाद स्थापित कर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और फॉर्म प्रोसेसिंग के दौरान आने वाली चुनौतियों तथा उनके समाधान के बारे में विस्तार से जानकारी दी.
प्रशिक्षण के दौरान बीएलओ द्वारा पूछे गए सवालों और शंकाओं का उन्होंने मौके पर ही समाधान किया और एसआईआर प्रक्रिया को पारदर्शी, प्रभावी और त्रुटिरहित तरीके से लागू करने का निर्देश दिया.

सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की सलाह
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि एक भी वैध मतदाता का नाम मतदाता सूची से नहीं कटना चाहिए. उन्होंने सभी संबंधित कर्मियों को पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने को कहा.
मधुपुर में कार्यक्रम समाप्त होने के बाद के रवि कुमार दुमका के लिए रवाना हो गए. अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान वह देवघर के अलावा दुमका, पाकुड़, साहिबगंज, गोड्डा और जामताड़ा जिलों के अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे और एसआईआर प्रक्रिया के क्रियान्वयन की समीक्षा करेंगे.
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
इस दौरान बीएलओ और फील्ड स्तर के कर्मचारियों को आने वाली व्यावहारिक समस्याओं पर भी चर्चा की जाएगी, ताकि मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य सुचारू रूप से पूरा किया जा सके. वहीं, राज्य निर्वाचन पदाधिकारी के दौरे को देखते हुए सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं.
बीएलओ से सीधा संवाद कर जानकारी साझा की
झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार देवघर के बाद दुमका पहुंचे. जरमुंडी में प्रखंड सभागार में आयोजित एसआईआर प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित बीएलओ एवं सुपरवाइजरों को संबोधित करते हुए एसआईआर के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी साझा की.
उन्होंने मतदाता पुनरीक्षण कार्य में लगे कर्मियों को आवश्यक दिशा निर्देश देते हुए कार्य पूरी पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ करने को कहा. राज्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार ने बैठक में उपस्थित बीएलओ से सीधा संवाद भी किया. बहुत सारी जानकारी उनको दी.
उन्होंने कहा कि कोई पात्र मतदाता छूटे नहीं और कोई गलत मतदाता जुड़े नहीं इस पर विशेष ध्यान देना है. इस मौके पर प्रशिक्षु ईएस, डीएसओ दुमका राजशेखर, जरमुंडी के प्रखंड विकास पदाधिकारी कुंदन भगत, अंचलाधिकारी संजय कुमार सहित अन्य पदाधिकारी एवं प्रखंड के सभी बीएलओ और बीएलओ सुपरवााइजर मौजूद रहे.



