रांचीः राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने सोमवार को लोक भवन, रांची में राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय (नेशनल डिफेन्स कॉलेज) के प्रतिनिधिमंडल से संवाद किया. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय, राष्ट्रीय सुरक्षा और रणनीतिक अध्ययन का एक प्रतिष्ठित संस्थान है, जिसकी पहचान न केवल भारत बल्कि वैश्विक स्तर पर भी स्थापित है.
झारखंड वीरों की धरती हैः राज्यपाल
संवाद के दौरान राज्यपाल ने झारखंड को वीरों की धरती बताते हुए कहा कि यह राज्य प्राकृतिक संसाधनों, खनिज संपदा, समृद्ध संस्कृति और परंपराओं से संपन्न है. उन्होंने कहा कि झारखंड का जनजातीय समाज प्रकृति-प्रेमी है, जिसकी झलक उनके पर्व-त्योहारों और जीवनशैली में स्पष्ट रूप से देखने को मिलती है. राज्य के लोग सरल, परिश्रमी, साहसी और अतिथि-सत्कार के लिए जाने जाते हैं.
झारखंड में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैंः राज्यपाल
राज्यपाल ने झारखंड में पर्यटन की संभावनाओं पर भी प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि राज्य के झील-झरने और विश्व प्रसिद्ध धार्मिक आस्था केंद्र पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण हैं. प्रतिनिधिमंडल से उन्होंने समय मिलने पर इन पर्यटन स्थलों का भ्रमण करने का आग्रह किया. इस अवसर पर राज्यपाल ने जानकारी देते हुए बताया कि 2 फरवरी से लोक भवन, रांची के उद्यानों को आम नागरिकों के लिए खोल दिया गया है. उन्होंने बताया कि उद्यान में सैकड़ों से अधिक प्रजातियों के गुलाब मौजूद हैं और वे स्वयं विजिटर्स से संवाद कर उद्यान को और बेहतर बनाने के लिए उनके सुझाव लेने का प्रयास करते हैं.
प्रतिनिधिमंडल में विदेशी सदस्य भी शामिल
संवाद के दौरान प्रतिनिधिमंडल के प्रमुख मेजर जनरल हरतेज सिंह बजाज ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल में कुल 17 सदस्य शामिल हैं, जिनमें इथोपिया, बांग्लादेश, फ्रांस, ब्राजील और जापान के पांच विदेशी सदस्य भी शामिल हैं. उन्होंने कहा कि प्रतिनिधिमंडल के सदस्य झारखंड राज्य के बारे में गहन अध्ययन और जानकारी प्राप्त करने के इच्छुक हैं.
प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने झारखंड में खेलों की संभावनाओं की भी सराहना की. उन्होंने कहा कि हॉकी और तीरंदाजी जैसे खेल राज्य की पहचान हैं और यदि कम उम्र से प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिले तो झारखंड और बेहतर प्रदर्शन कर सकता है. इस पर राज्यपाल ने कहा कि राज्य में खेलों के प्रति विशेष रुचि है और हॉकी, तीरंदाजी व फुटबॉल में झारखंड निरंतर बेहतर कर रहा है. उन्होंने पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और राज्य की महिला हॉकी खिलाड़ियों का भी उल्लेख किया.
महिलाओं का सशक्तिकरण हो रहा हैः राज्यपाल
उच्च शिक्षा पर चर्चा करते हुए राज्यपाल ने कहा कि इस क्षेत्र में राज्य की स्थिति अपेक्षानुरूप नहीं है, लेकिन सुधार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. उन्होंने महिलाओं की भागीदारी पर कहा कि ‘लखपति दीदी योजना’ के माध्यम से महिलाओं का सशक्तिकरण हो रहा है. इस दौरान सामाजिक सुरक्षा योजनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया. संवाद के बाद राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय के प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने लोक भवन परिसर स्थित उद्यान का भ्रमण भी किया.



