राजस्थान के जैसलमेर में एक किसान के खेत में ट्यूबवेल की बोरिंग के दौरान अचानक तेज़ धार के साथ पानी निकलने लगा.

राजस्थान के जैसलमेर की एक घटना पिछले कुछ दिनों से मीडिया की सुर्ख़ियों में है.
जैसलमेर में मोहनगढ़ के विक्रम सिंह भाटी के खेत में सिंचाई का कोई साधन नहीं था, तो उन्होंने ट्यूबवेल खुदवाना शुरू किया.
जब 800 फुट की गहराई तक खोदने के बाद भी पानी नहीं निकला, तो उन्होंने और गहरा खोदने का फ़ैसला किया.
इसके बाद अल-सुबह धरती के भीतर से पानी की ऐसी धार फूटी कि वह तीसरे दिन जाकर रुकी. खेतों में चारों तरफ सात-सात फुट पानी भर गया और उसमें खड़ी जीरे की फ़सल तबाह हो गई.


