रांची : राजधानी रांची के मोरहाबादी इलाके में स्थित सिदो-कान्हू पार्क शहरवासियों के लिए सुकून, मनोरंजन और हरियाली का प्रमुख केंद्र बन चुका है. परिवार, बच्चे, बुजुर्ग और मॉर्निंग वॉकर्स बड़ी संख्या में यहां पहुंचते हैं. इसी कड़ी में पार्क की व्यवस्थाओं, सुरक्षा, साफ-सफाई और सरकार द्वारा तय मानकों की जमीनी हकीकत जानने के लिए ग्राउंड रियलिटी चेक किया गया.
रियलिटी चेक के दौरान पार्क की सुरक्षा व्यवस्था, लाइटिंग सिस्टम, पेयजल सुविधा, बच्चों के खेल उपकरण, पार्किंग व्यवस्था और आम लोगों की संतुष्टि का जायजा लिया गया. साथ ही यह भी देखा गया कि सरकार और संबंधित विभाग द्वारा तय SOP का पालन कितना हो रहा है.
समय सीमा
सिदो-कान्हू पार्क सुबह 05:00 बजे से शाम 06:00 बजे तक आम लोगों के लिए खुला रहता है, जबकि प्रत्येक मंगलवार को यह पार्क बंद रहता है. मॉर्निंग वॉक के लिए सुबह 05:00 बजे से 07:00 बजे तक आने वाले लोगों के लिए प्रवेश पूरी तरह नि:शुल्क है. वहीं सामान्य समय में वयस्कों के लिए 15 और 3 से 12 वर्ष तक के बच्चों के लिए 10 रुपए प्रवेश शुल्क निर्धारित है. तीन वर्ष से कम उम्र के बच्चों और दिव्यांगों के लिए प्रवेश मुफ्त रखा गया है.
हरियाली, रंग-बिरंगे फव्वारे और साफ-सुथरा वातावरण
पार्क के अंदर प्रवेश करते ही हरियाली, रंग-बिरंगे फव्वारे और साफ-सुथरा वातावरण लोगों को आकर्षित करता है. बच्चों के लिए झूले, स्लाइडर, मैरी-गो-राउंड और अलग प्ले जोन की व्यवस्था की गई है. पार्क के अंदर चलने वाली टॉय ट्रेन बच्चों के आकर्षण का मुख्य केंद्र बनी हुई है, जिसके लिए लगभग 20 रूपये का अतिरिक्त टिकट देना पड़ता है.
वहीं युवाओं और बुजुर्गों के लिए ओपन जिम, स्ट्रेचिंग एरिया और एक्यूप्रेशर पाथ बनाए गए हैं. पार्क में बने वॉकिंग ट्रैक पर सुबह और शाम लोगों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिलती है. कई लोगों ने बताया कि यहां का वातावरण स्वास्थ्य और मानसिक शांति के लिए काफी बेहतर है.

पेयजल की सुविधा
पेयजल सुविधा की बात करें तो पार्क में RO पानी की व्यवस्था उपलब्ध है. इसके अलावा साफ-सुथरे वॉशरूम और व्हीलचेयर जैसी सुविधाएं भी मौजूद हैं. लोगों ने बताया कि पहले की तुलना में अब शौचालयों की संख्या बढ़ाई गई है, जिससे आगंतुकों को काफी सुविधा मिल रही है.

सुरक्षा व्यवस्था
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी अधिकांश लोग संतुष्ट दिखे. पार्क के चारों ओर पक्की चारदीवारी बनाई गई है और सुरक्षा गार्ड तैनात रहते हैं. शाम के समय पर्याप्त लाइटिंग व्यवस्था देखने को मिली. लोगों का कहना है कि बेहतर रोशनी और सुरक्षा व्यवस्था के कारण महिलाएं और परिवार यहां खुद को सुरक्षित महसूस करते हैं. हालांकि कुछ लोगों ने भीड़भाड़ वाले समय में अतिरिक्त निगरानी और CCTV कैमरों की संख्या बढ़ाने की मांग की.

पार्किंग व्यवस्था
पार्किंग व्यवस्था की बात करें तो पार्क के बाहर वाहनों की पार्किंग की सुविधा उपलब्ध है, जिसका संचालन रांची नगर निगम के सहयोग से किया जाता है. छुट्टी और त्योहारों के दिनों में यहां काफी भीड़ देखने को मिलती है, जिसके कारण कई बार पार्किंग में परेशानी भी होती है. लोगों ने प्रशासन से पार्किंग प्रबंधन और बेहतर करने की मांग की.

किफायती पार्कों में से एक है
आम लोगों से बातचीत में पार्क को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिली. लोगों ने कहा कि यह रांची के सबसे बेहतर और किफायती पार्कों में से एक है, जहां कम शुल्क में अच्छी सुविधाएं मिल जाती हैं. कई लोगों ने बताया कि बच्चों के लिए खेल क्षेत्र, बुजुर्गों के लिए अलग व्यवस्था और प्राकृतिक वातावरण इसे खास बनाता है.

संचालन की जिम्मेदारी
सिदो-कान्हू पार्क का संचालन झारखंड सरकार के वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अंतर्गत आने वाली ‘झारखंड उद्यान समिति’ यानी JharParks द्वारा किया जाता है. लगभग 8.9 एकड़ में फैले इस पार्क को वर्ष 2005 में आम लोगों के लिए खोला गया था.
सिदो और कान्हू मुर्मू की स्मृति में विकसित किया गया
यह पार्क महान आदिवासी वीर सिदो और कान्हू मुर्मू की स्मृति में विकसित किया गया है. फिलहाल ग्राउंड रिपोर्ट में सिदो-कान्हू पार्क साफ-सफाई, हरियाली, सुरक्षा और पारिवारिक माहौल के लिहाज से बेहतर नजर आया. हालांकि लोगों का मानना है कि बढ़ती भीड़ को देखते हुए निगरानी और सुविधाओं में लगातार सुधार जरूरी है, ताकि राजधानी का यह प्रमुख पार्क आने वाले समय में और बेहतर बन सके.


