Friday, July 3, 2026

राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने भाजपा पर बिहार में महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया है।

Share

राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने भाजपा पर बिहार में महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि क्या प्रधानमंत्री मोदी ने भाजपाइयों को बिहारियों की माताओं-बहनों को गाली देने का आदेश दिया है? लालू ने गुजरात बनाम बिहार के हवाले से क्षेत्रीय संघर्ष की चुनौती भी दी और भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा शिक्षिकाओं महिलाओं और पत्रकारों के साथ दुर्व्यवहार को शर्मनाक बताया।

पटना। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने अपने एक्स हैंडल से पोस्ट कर भाजपा पर जोर-जबरदस्ती और आधी आबादी के साथ अभद्रता का आरोप लगाया है। आरोप लगाने में लालू शाब्दिक मर्यादा का अतिक्रमण कर जाते हैं और गुजरात बनाम बिहार के हवाले से क्षेत्रीय संघर्ष की चुनौती भी देते हैं।

प्रश्नवाचक अंदाज में लालू लिखते हैं कि क्या प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भाजपाइयों को आदेश दिया है कि आज (गुरुवार) पूरे बिहार और बिहारियों की माताओं-बहनों और बेटियों को गाली दो? गुजराती लोग बिहारियों को इतने हल्के में ना लें? यह बिहार है। भाजपा के … (रिक्त स्थान पर अभद्र शब्दों का उपयोग है) सम्मानित शिक्षिकाओं, राह चलती महिलाओं, छात्राओं, गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और पत्रकारों को गालियां दे रहे हैं। उनके साथ हाथापाई कर दुर्व्यवहार कर रहे है? क्या यह उचित है? लालू ने इसे शर्मनाक बताया है।

एनडीए महिला मोर्चा के बंद में सभी करें सहयोग : अनिल शर्मा

दूसरी ओर, भाजपा के वरिष्ठ नेता अनिल शर्मा ने दरभंगा में महागठबंधन के मंच से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मां को गाली दिए जाने की घटना को लेकर एनडीए महिला मोर्चा की ओर से आयोजित बिहार बंद में लोगों से सहयोग की अपील की है।

भाजपा प्रदेश मुख्यालय में बुधवार को प्रेस-वार्ता में शर्मा ने कहा कि महागठबंधन को इस घटना की कीमत चुकानी पड़ेगी। वैसे, राहुल गांधी से खेद की उम्मीद भी नहीं है, क्योंकि इससे पहले भी वे देश के पीएम के लिए तू-तड़ाक की भाषा बोलते रहे हैं।

शर्मा ने राहुल गांधी-तेजस्वी यादव की यात्रा को लेकर कहा कि वोट चोरी की बात करना उनका बहाना है, सही में उनकी योजना देश में अराजकता फैलाकर बांग्लादेश बनाना है। ये दोनों लोग राष्ट्रविरोधी और सनातन विरोधी ताकतों के इशारों पर देश में अराजकता पैदा करना चाहते हैं। उन्हें राष्ट्र के सम्मान से कोई मतलब नहीं है।

प्रेस वार्ता में बिहार राज्य धार्मिक न्यास परिषद के अध्यक्ष रणवीर नंदन, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी सुनील सेवक, सूरज पांडेय उपस्थित थे।

Table of contents [hide]

Read more

Local News