Wednesday, March 11, 2026

रांची में रेस्टोरेंट में हुई फायरिंग की घटना को लेकर डीजीपी ने उच्चस्तरीय बैठक की.

Share

रांचीः राजधानी रांची के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र अंतर्गत कुटियातू स्थित टीटॉस रेस्टोरेंट में हाल ही में हुई फायरिंग की घटना को लेकर झारखंड पुलिस मुख्यालय में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक हुई. झारखंड की डीजपी तदाशा मिश्र की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में मामले की जांच की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई.

बैठक में डीजीपी ने घटना को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि फायरिंग की घटना में शामिल अपराधियों की पहचान कर उनकी जल्द से जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए. उन्होंने कहा कि तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और अन्य उपलब्ध सूचनाओं के आधार पर विशेष टीम बनाकर लगातार छापेमारी अभियान चलाया जाए, ताकि आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जा सके.

टीटॉस रेस्टोरेंट में अपराधियों ने की थी फायरिंग

गौरतलब है कि पिछले दिनों रांची के कुटियातू स्थित टीटॉस रेस्टोरेंट में अपराधियों ने फायरिंग की थी. इस घटना से इलाके में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया था. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी थी. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है.

आम नागरिकों को किया गया आश्वस्त

झारखंड पुलिस ने आम नागरिकों को आश्वस्त किया है कि राज्य में किसी भी आपराधिक घटना में शामिल अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी.

बैठक में अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध अनुसंधान विभाग) मनोज कौशिक, रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन, एटीएस के पुलिस अधीक्षक ऋषभ कुमार झा, सिटी एसपी पारस राणा तथा एयरपोर्ट थाना प्रभारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे.

Read more

Local News