रांचीःराष्ट्रपिता महात्मा गांधी की आज पुण्यतिथि है. पूरा देश बापू को उनके योगदान के लिए याद कर रहा है. इस मौके पर रांची के मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया. तमाम दफ्तरों में बापू की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित की गई. राज्यपाल, मुख्यमंत्री समेत तमाम नेताओं ने बापू का संदेश सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलने की बात दोहराई.
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बापू वाटिका में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी. राज्यपाल ने अपने संदेश में कहा कि सत्य, अहिंसा और शांति के मार्ग पर चलते हुए महात्मा गांधी ने संपूर्ण विश्व को मानवता और करुणा का संदेश दिया था. उनके विचार और आदर्श सदैव सभी को प्रेरित करते रहेंगे. राज्यपाल ने लोकभवन में भी बापू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की. इस दौरान दिशोम गुरु शिबू सोरेन को मरणोपरांत पद्म भूषण सम्मान के लिए उन्होंने केंद्र सरकार के प्रति आभार जताया.
बापू की पुण्यतिथि पर सीएम का संदेश
वहीं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने संदेश में कहा कि बापू का सत्य, अहिंसा और न्याय का मार्ग हमारे लोकतंत्र और सामाजिक जीवन की आधारशिला है. उनका जीवन हमें मानवता, करुणा और नैतिक साहस के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है. इस मौके पर माननीयों ने बापू वाटिका में बापू को प्रिय ‘ रघुपति राघव राजा राम और वैष्णव जन तो तेने कहिए जे पीड परायी जाणे रे’ गीत सुना. इस दौरान मंत्री दीपिका पांडेय सिंह और राज्यसभा सांसद महुआ माजी मौजूद थीं. श्रद्धांजलि सभा के बाद राज्यपाल, मुख्यमंत्री, मंत्री दीपिका पांडेय सिंह और सांसद महुआ माजी ने तस्वीरें खिंचवाई.

प्रदेश कांग्रेस और भाजपा नेताओं ने बापू को किया नमन
वहीं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने बापू को उनकी पुण्यतिथि पर याद करते हुए नमन किया है. प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने बापू को नमन करते हुए कहा कि वे सत्य और अहिंसा के पुजारी थे. झारखंड भाजपा की ओर से कहा गया है कि बापू ने स्वच्छता को संस्कार बताया और पीएम मोदी ने उसे देशव्यापी जन आंदोलन बना दिया. बापू ने खादी को स्वावलंबन की पहचान बताया और पीएम मोदी ने खादी को भारत की पहचान बनाकर दुनिया के मंच तक पहुंचा दिया. बापू के सपनों को संकल्प की जरूरत थी और पीएम मोदी ने वह संकल्प लिया, सपनों को संजोया और उन्हें हकीकत में बदल दिया.


