Wednesday, March 18, 2026

रांची में एक्सआईएसएस और झारखंड चैंबर के बीच एमओयू हुआ है.

Share

रांची: झारखंड में उद्योग, व्यापार और कौशल विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण पहल शुरू की गई है. इसके तहत एक्सआईएसएस, रांची और फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के बीच एक सहयोग समझौता हुआ है. रांची के संत जेवियर्स कॉलेज परिसर में आयोजित कार्यक्रम में एमओयू पर एक्सआईएसएस की ओर से निदेशक फादर जोसेफ मारियानुस कुजूर एवं झारखंड चैंबर की ओर से चैंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने हस्ताक्षर किए.

एमओयू के तहत संयुक्त शोध एवं नीति-निर्माण के क्षेत्रों में सहयोग

इस मौके पर चैंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने बताया कि यह एमओयू झारखंड के उद्योग और व्यापार जगत के लिए बेहद लाभकारी साबित होगा. इससे उद्योगों को स्किल्ड और इंडस्ट्री-रेडी मानव संसाधन उपलब्ध होगा. वहीं युवाओं को रोजगारपरक शिक्षा, इंटर्नशिप और प्लेसमेंट के बेहतर अवसर मिलेंगे. एमओयू के तहत इंडस्ट्रियल स्किल गैप एनालिसिस, इंडस्ट्री-रेडी पाठ्यक्रम निर्माण, संरचित इंटर्नशिप एवं प्लेसमेंट, सीएसआर आधारित ग्रामीण विकास, सतत विकास लक्ष्यों पर संयुक्त शोध एवं नीति-निर्माण जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग किया जाएगा. इससे झारखंड के एमएसएमई, उद्योग और व्यापारिक संस्थानों को सीधे तौर पर लाभ मिलेगा.

चैंबर अध्यक्ष ने बताया कि झारखंड चैंबर उद्योग और शिक्षा के बीच की दूरी को समाप्त करने के लिए प्रतिबद्ध है और यह एमओयू राज्य के आर्थिक, सामाजिक एवं औद्योगिक विकास में मील का पत्थर साबित होगा.

एमओयू की एक्सआइएसएस ने की सराहना

संत जेवियर्स कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स की पहल की सराहना करते हुए एक्सआईएसएस के निदेशक फादर जोसेफ ने कहा कि इसका लाभ औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े व्यवसायी के साथ साथ आम लोगों को भी मिलेगा. इस मौके पर चैंबर के सह सचिव नवजोत अलंग ने कहा कि एक्साआईएसएस और झारखंड चैंबर के बीच आज हुआ एमओयू, उद्योग और शिक्षा जगत के बीच मजबूत समन्वय की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. इससे छात्रों को व्यावहारिक अनुभव और उद्योगों को योग्य मानव संसाधन मिलेगा.

स्किलिंग पर विशेष ध्यान देने की जरूरत: रोहित पोद्दार

इधर, सह सचिव रोहित पोद्दार ने कहा कि राज्य आधारित उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप स्किलिंग पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है, ताकि राज्य के स्थानीय युवाओं को यहीं पर बेहतर रोजगार एवं करियर के अवसर उपलब्ध कराए जा सके. इंडस्ट्री और शैक्षणिक संस्थान के इस सहयोग से ऐसा कौशल विकास मॉडल तैयार किया जाएगा, जो स्थानीय संसाधनों, उद्योगों और मानव क्षमता को जोड़ते हुए झारखंड के आर्थिक विकास को मजबूती देगा. इस अवसर पर एक्साआईएसएस के वरिष्ठ अधिकारी एवं फैकल्टी सदस्य उपस्थित रहे.

Read more

Local News