रांचीः राजधानी के खेलगांव स्थित बिरसा मुंडा एथलेटिक स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय स्कूली बैंड प्रतियोगिता का समापन शुक्रवार को हर्षोल्लास के साथ हुआ. स्कूली शिक्षा और साक्षरता विभाग के अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में राज्य के सभी 24 जिलों से बालक और बालिका वर्ग की ब्रास बैंड और पाइप बैंड की कुल 39 टीमों ने हिस्सा लिया.
यह पहली बार था जब प्रतियोगिता में बालक वर्ग की 10 और बालिका वर्ग की 29 टीमों ने भाग लिया. बढ़ती भागीदारी ने यह साबित किया कि झारखंड के विद्यालयों में बैंड प्रतियोगिता के प्रति रुचि और सहभागिता लगातार बढ़ रही है. प्रतिभागी टीमों ने अपनी ताल, अनुशासन और देशभक्ति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया. समापन अवसर पर विजेता प्रतिभागियों को ट्रॉफी, मेडल और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया.

आयोजन सचिव धीरसेन ए. सोरेंग ने प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि राज्य के विद्यालयों में बैंड संस्कृति बच्चों में अनुशासन, एकाग्रता और सामूहिकता की भावना को मजबूत करती है. यह प्रतियोगिता विद्यार्थियों की प्रतिभा निखारने का एक सशक्त मंच बन चुकी है. उन्होंने कहा कि 24 जिलों की टीमों ने जिस समर्पण और देशभक्ति का प्रदर्शन किया, वह झारखंड के विद्यार्थियों की नई ऊर्जा और सकारात्मक दिशा को दर्शाता है.

प्रतियोगिता के परिणाम
ब्रास बैंड (बालिका वर्ग) में प्रथम स्थान– मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय, खूंटी. द्वितीय स्थान– झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय, बौराम, पूर्वी सिंहभूम. तृतीय स्थान– मुख्यमंत्री उत्कृष्ट कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, जामताड़ा.
ब्रास बैंड (बालक वर्ग) में प्रथम स्थान– सेंट जेवियर इंटर कॉलेज, लुपुंग गुट्टू, पश्चिमी सिंहभूम. द्वितीय स्थान– नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय विद्यालय, सरायकेला-खरसावां. तृतीय स्थान– प्लस टू उच्च विद्यालय, कुम्हारलालो, पीरटांड़, गिरिडीह.
पाइप बैंड (बालिका वर्ग) में प्रथम स्थान– कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, कांके, रांची. द्वितीय स्थान – मुख्यमंत्री उत्कृष्ट कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, कैथा, रामगढ़. तृतीय स्थान– मुख्यमंत्री उत्कृष्ट कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, सरायकेला-खरसावां.
पाइप बैंड (बालक वर्ग) में प्रथम स्थान– केरली स्कूल, धुर्वा, रांची. द्वितीय स्थान– नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय विद्यालय, खूंटी.
तृतीय स्थान– सेंट जेवियर हाई स्कूल, लुपुंग गुट्टू, पश्चिमी सिंहभूम.

इस कार्यक्रम का संचालन चंद्रदेव सिंह ने किया. आयोजन में राज्य शिक्षा परियोजना परिषद के अधिकारी, विभिन्न जिलों के प्रतिनिधि और प्रतिभागी विद्यालयों के शिक्षक उपस्थित रहे.

इस प्रतियोगिता के विजेताओं को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, शिक्षा सचिव उमाशंकर सिंह, परियोजना निदेशक शशि रंजन, प्रशासी पदाधिकारी सच्चिदानंद द्विवेदी तिग्गा, राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग और राज्य खेल कोषांग की ओर से बधाई दी गई. सभी ने प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में टीम भावना और संवैधानिक मूल्यों को सशक्त करती हैं.


