Wednesday, March 25, 2026

रांची में अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर अनुष्का कुमारी ने सीएम हेमंत सोरेन के साथ मुलाकात की.

Share

रांचीः मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से रविवार को झारखंड की प्रतिभावान अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर और प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित अनुष्का कुमारी ने मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय रांची में शिष्टाचार भेंट की.

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अनुष्का को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं और अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में उनके शानदार प्रदर्शन के लिए हौसला बढ़ाया. मुख्यमंत्री ने कहा कि नया साल अनुष्का के लिए और भी बेहतर साबित हो और वह अपने खेल के माध्यम से देश-दुनिया में अलग पहचान बनाए.

मुख्यमंत्री ने अनुष्का कुमारी को सम्मानित करते हुए स्पोर्ट्स किट भी प्रदान की. उन्होंने कहा कि झारखंड में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है और राज्य सरकार खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग दे रही है. मुख्यमंत्री ने अनुष्का से कहा कि वह निश्चिंत होकर अपने खेल पर ध्यान दें, सरकार उनकी हर जरूरत में उनके साथ खड़ी है.

international footballer Anushka Kumari met with CM Hemant Soren in Ranchi

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने राज्य में बेहतर खेल वातावरण तैयार करने की दिशा में उठाए जा रहे कदमों का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने के साथ उन्हें ऐसा मंच दिया जाए, जहां से वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें. खेल और खिलाड़ियों के विकास के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है और इस दिशा में कई ठोस कदम उठाए गए हैं.

मुख्यमंत्री ने रांची जिला प्रशासन को निर्देश दिया कि अनुष्का कुमारी के गांव रुक्का (ओरमांझी प्रखंड, रांची) में एक खेल मैदान विकसित किया जाए. इसके साथ ही उन्होंने अनुष्का के परिजनों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए भी आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए. मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि आर्थिक तंगी के कारण किसी भी खिलाड़ी की प्रतिभा को दबने नहीं दिया जाएगा.

international footballer Anushka Kumari met with CM Hemant Soren in Ranchi

अनुष्का कुमारी ने भी मुख्यमंत्री के साथ अपने खेल सफर और अनुभव साझा किए. अनुष्का संघर्षपूर्ण परिस्थितियों से निकलकर अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में अपनी अलग पहचान बना चुकी हैं. आज वह अपनी बेहतरीन गोल स्कोरिंग क्षमता के कारण “द गोल मशीन” के नाम से जानी जाती हैं. उनके पिता दिव्यांग हैं, जबकि माता दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करती हैं. इसके बावजूद अनुष्का ने अपने जुनून और मेहनत के बल पर फुटबॉल की दुनिया में ऊंचा मुकाम हासिल किया है.

बता दें कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 26 दिसंबर 2025 को नई दिल्ली में आयोजित समारोह में अनुष्का कुमारी को फुटबॉल में उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित किया. अनुष्का कुमारी इससे पहले भूटान में आयोजित सैफ अंडर-17 फुटबॉल टूर्नामेंट में भारतीय टीम की प्रमुख खिलाड़ी रहीं. जहां उन्होंने सबसे अधिक सात गोल कर प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब जीता. वह आगामी मार्च में चीन में होने वाली एशियाई अंडर-17 फुटबॉल प्रतियोगिता में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी.

Read more

Local News