रांची: झारखंड, बिहार, यूपी, एमपी और दिल्ली जैसे राज्यों में दर्जनों ठगी के मामलों में फरार चल रहे महाठग रंजन कुमार मिश्रा उर्फ अंकित मिश्रा के खिलाफ इनाम की घोषणा की गई है. डीआईजी सह एसएसपी रांची चंदन कुमार सिन्हा के स्तर से फरार अंकित पर पच्चीस हजार (25000/-) रुपये की राशि का पुरस्कार घोषित किया गया है.
झारखंड के जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र का रहने वाला अपराधी रंजन कुमार मिश्रा उर्फ अंकित मिश्रा उर्फ अभिनव कुमार उर्फ मुकेश तिवारी मात्र 38 साल की उम्र का है, लेकिन उस पर पांच राज्यों में ठगी के दर्जनों मामले दर्ज हैं.

एसएसपी रांची द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार फरार चल रहे अपराधी रंजन कुमार मिश्रा के खिलाफ झारखंड के विभिन्न जिलों की अदालतों में मुकदमे लंबित हैं. इसके अलावा बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और दिल्ली में भी अंकित मिश्रा के खिलाफ आरोप पत्र समर्पित किए गए हैं.
अब तक क्यों नहीं हो पाई अंकित मिश्रा की गिरफ्तारी
अंकित मिश्रा आदतन अपराधी है. वह राज्य सरकार के शीर्ष पदों पर काम करने वाले पदाधिकारी के साथ-साथ माननीय न्यायाधीश के नाम पर भी लोगों से ठगी करने में संलिप्त पाया गया है. अब तक उसकी गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्तर से प्रयास किए गए हैं, लेकिन उसके ठिकाने की सटीक जानकारी नहीं मिलने की वजह से अब तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हो पाई है. ऐसे में अंकित मिश्रा की गिरफ्तारी के लिए जन सहयोग जरूरी है. इसी वजह से अंकित मिश्रा के ऊपर 25 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की गई है.
कहां कितने मामले हैं दर्ज
- बिहार :-अंकित मिश्रा के ऊपर पटना के गांधी मैदान थाने में कांड संख्या 355/07 दर्ज है.
- यूपी :-लखनऊ के गोमती नगर थाने में चार मामले दर्ज हैं. तालकटोरा थाना में एक कांड दर्ज है. पीजीआई थाने में एक कांड दर्ज है. सैफई थाने में एक कांड दर्ज है.
- झारखंड :-रांची के लालपुर, डोरंडा, लोअर बाजार, कोतवाली, गोंदा और चुटिया थाने में एक-एक कांड दर्ज है. जमशेदपुर के सिदगोड़ा और बागबेड़ा में एक-एक कांड दर्ज हैं. धनबाद के पुटकी और झरिया थाने में एक-एक कांड दर्ज है. जबकि खूंटी थाने में एक कांड दर्ज है.
- मध्य प्रदेश :-भोपाल के कोतवाली थाने में एक कांड दर्ज है.
- दिल्ली :-दिल्ली में क्राइम ब्रांच थाने में एक कांड दर्ज है.


