Thursday, March 19, 2026

रांची पुलिस ने एक साइबर ठगी को गिरफ्तार किया है, आरोपी कंप्यूटर इंजीनियरिंग का छात्र है.

Share

रांची: रांची पुलिस लगातार साइबर ठगों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है. इसी कड़ी में साइबर क्राइम थाना की टीम ने बिहार के वैशाली जिले के रहने वाले एक साइबर ठग को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार साइबर अपराधी ने अपने ही मकान मालिक के साथ ठगी को अंजाम दिया था.

  • गिरफ्तार साइबर ठग ने अपने मकान मालिक का सिम कार्ड चुराकर उनके खाते से 1.88 लाख रुपए की निकासी कर ली थी. गिरफ्तार ठग अभिषेक कुमार रांची में अनिमा तिग्गा के मकान में किराए पर रहकर एक निजी यूनिवर्सिटी में कंप्यूटर साइंस में इंजीनियरिंग कर रहा था. पुलिस ने आरोपी के पास से चार मोबाइल समेत अन्य चीजें बरामद की है. पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार किया है.
  • मामले का खुलासा करते हुए ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर ने बताया कि अनिमा तिग्गा नामक महिला का पुंदाग के दीपाटोली में घर है. अनिमा ने आरोपी अभिषेक को मकान किराए पर दिया था. अनिमा के साथ अभिषेक का अच्छा संबंध भी था. मोबाइल से राशि ट्रांसफर करने समेत सारा काम अभिषेक ही देखता था. इसी दौरान 15 जून को अनिमा के खाते से 1.88 लाख रुपए की अवैध निकासी हो गयी.

इस संबंध में अनिमा ने साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी थी. दर्ज प्राथमिकी के आधार पर पुलिस मामले की तफ्तीश की. जांच में अभिषेक द्वारा ठगी करने की बात सामने आयी. जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया. पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है. साथ ही तकनीकी माध्यम से इस अपराध से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है.

ग्रामीण एसपी ने बताया कि आरोपी अभिषेक का अनिमा से अच्छा संबंध होने की वजह से वह उनके घर पर आया जाया करता था. एक जून को अनिमा का मोबाइल घर में ही पड़ा था. अभिषेक की नजर उस पर पड़ी तो उसने मोबाइल को चुरा लिया. उस मोबाइल में ब्लैंक सिम कार्ड डाल दिया और अनिमा के मोबाइल में लगा सिम कार्ड को अपने मोबाइल में डाल दिया. फिर उसी सिम का इस्तेमाल कर पीड़िता के खातों से यूपीआई आईडी तैयार कर ली और उसके बाद विभिन्न सीएसपी संचालकों के स्कैनर के जरिए रकम निकालकर नकद राशि निकाल ली.

Read more

Local News