रांचीः झारखंड टी-20 क्रिकेट लीग में छोटानागपुर रॉयल्स ने अपने इरादे साफ कर दिए हैं. बारिश से प्रभावित मुकाबले में टीम ने धनबाद डायमंड्स को एकतरफा अंदाज में 10 विकेट से हराकर दो अंक अपने नाम कर लिए. डकवर्थ-लुईस नियम के तहत सात-सात ओवर के इस मुकाबले में रॉयल्स ने लक्ष्य का पीछा करते हुए विपक्षी टीम को कोई मौका नहीं दिया.
धनबाद डायमंड्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए संघर्षपूर्ण प्रदर्शन किया. शुरुआती विकेट जल्दी गिरने के बाद अर्यमन सेन और आदित्य सिंह ने मोर्चा संभाला. दोनों बल्लेबाजों ने संयम और आक्रामकता का संतुलन दिखाते हुए टीम के स्कोर को आगे बढ़ाया. अर्यमन 31 रन और आदित्य 24 रन बनाकर नाबाद लौटे. उनकी बदौलत धनबाद ने सात ओवर में दो विकेट पर 63 रन का स्कोर खड़ा किया.

रनों का लक्ष्य बड़ा नहीं था लेकिन टी-20 क्रिकेट में दबाव कभी भी खेल बदल सकता है. हालांकि छोटानागपुर रॉयल्स के कप्तान विराट सिंह ने शुरुआत से ही मुकाबले को अपने नियंत्रण में ले लिया. उन्होंने मैदान के चारों ओर आकर्षक शॉट लगाए और रनगति को लगातार तेज बनाए रखा.
विराट ने सिर्फ 15 गेंदों में 38 रन की नाबाद पारी खेली
दूसरे छोर से मोहम्मद नाजिम सिद्दीकी ने भी बेहतरीन बल्लेबाजी की. उन्होंने 23 रन बनाते हुए कप्तान का भरपूर साथ दिया. दोनों बल्लेबाजों के बीच पहले विकेट के लिए अविजित साझेदारी हुई, जिसने धनबाद की उम्मीदों को पूरी तरह खत्म कर दिया.

छोटानागपुर रॉयल्स ने मात्र 4.2 ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए 65 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया. जीत का अंतर और अंदाज दोनों ही टीम के आत्मविश्वास को दर्शाने के लिए काफी रहे. मैच में शानदार बल्लेबाजी और टीम को आसान जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाले विराट सिंह को मैन ऑफ द मैच चुना गया. उनकी विस्फोटक पारी ने रॉयल्स को टूर्नामेंट में जोरदार शुरुआत दिलाई.



