रांची : राजधानी रांची के मोरहाबादी स्थित झारखंड ओलंपिक एसोसिएशन के सभागार में एरोबिक जिम्नास्टिक स्टेट चैंपियनशिप 2026 का भव्य आयोजन किया गया. इस प्रतियोगिता में झारखंड के विभिन्न जिलों बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, देवघर सहित कई अन्य क्षेत्रों से आए जिम्नास्ट खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया. प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने अपने शानदार प्रदर्शन से दर्शकों और निर्णायकों को प्रभावित किया, जहां हर प्रस्तुति में तकनीक, लय और फिटनेस का बेहतरीन समन्वय देखने को मिला.
राज्य के अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भी मौजूद
यह प्रतियोगिता खास इसलिए भी रही क्योंकि इसमें राज्य के अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों ने भी भाग लिया. उनके प्रदर्शन ने प्रतियोगिता के स्तर को और ऊंचा कर दिया. कार्यक्रम के दौरान कई युवा खिलाड़ियों ने अपने हुनर का ऐसा प्रदर्शन किया, जिसने यह साबित कर दिया कि झारखंड में जिम्नास्टिक के क्षेत्र में अपार संभावनाएं मौजूद हैं.
अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों ने साझा किया अपना अनुभव
मौके पर मौजूद अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि झारखंड में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, लेकिन खिलाड़ियों को पर्याप्त संसाधन और आर्थिक सहयोग की आवश्यकता है. उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने के दौरान उन्हें कई बार आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ा, जिससे उनकी तैयारी और प्रदर्शन प्रभावित होता है. खिलाड़ियों का कहना था कि यदि सरकार और संबंधित संस्थाओं की ओर से बेहतर सहयोग मिले, तो झारखंड के जिम्नास्ट राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी राज्य का नाम रोशन कर सकते हैं.

खेलगांव प्रैक्टिस ग्राउंड में भी होती है कई समस्याएं
खिलाड़ियों ने खेलगांव स्थित प्रैक्टिस ग्राउंड की समस्याओं की ओर भी ध्यान आकर्षित किया. उनका कहना था कि वहां अभ्यास के दौरान कई समस्याओं का सामना करना पड़ता है, जिन्हें जल्द से जल्द दूर करने की जरूरत है. खिलाड़ियों ने उम्मीद जताई कि यदि इन समस्याओं का समाधान किया जाता है, तो उनकी तैयारी और प्रदर्शन में और निखार आएगा.

स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ियों ने साझा किया अपना अनुभव
प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों ने अपनी उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह उनके कठिन परिश्रम और निरंतर अभ्यास का परिणाम है. उन्होंने कहा कि उनका सपना राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के साथ-साथ ओलंपिक तक पहुंचने का है. खिलाड़ियों ने विश्वास जताया कि यदि राज्य सरकार और खेल विभाग का सहयोग मिलता रहा, तो वे अपने लक्ष्य को जरूर हासिल करेंगे.

पूरे झारखंड में है जिम्नास्ट की प्रतिभाएं
इस अवसर पर झारखंड स्टेट जिम्नास्टिक संगठन की जनरल सेक्रेटरी तूलिका श्रीवास्तव ने कहा कि राज्य के खिलाड़ियों में अपार क्षमता है और अब यह प्रतिभाएं केवल रांची तक सीमित नहीं हैं, बल्कि झारखंड के सुदूर क्षेत्रों से भी खिलाड़ी आगे आ रहे हैं. उन्होंने बताया कि लगातार स्टेट चैंपियनशिप का आयोजन किया जा रहा है, जिससे खिलाड़ियों को मंच मिल रहा है और उनके आत्मविश्वास में वृद्धि हो रही है.

नेशनल कैंप का भी होगा आयोजन
उन्होंने आगे कहा कि इस प्रतियोगिता के बाद खिलाड़ियों के लिए नेशनल कैंप का आयोजन किया जाएगा, जहां वे राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयारी करेंगे. इस तरह के आयोजनों से न केवल खिलाड़ियों को अनुभव मिलता है, बल्कि राज्य में खेल संस्कृति को भी बढ़ावा मिलता है.
मोरहाबादी में आयोजित यह स्टेट चैंपियनशिप झारखंड के जिम्नास्टिक खिलाड़ियों के लिए एक महत्वपूर्ण मंच साबित हुआ, जहां उन्होंने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर यह संदेश दिया कि सही मार्गदर्शन और सहयोग मिलने पर वे बड़े स्तर पर सफलता हासिल करने में सक्षम हैं.

एरोबिक जिम्नास्टिक स्टेट चैंपियनशिप 2026 : परिणाम सूची
नेशनल डेवलपमेंट (इंडिविजुअल विमेन)
- दित्या लकड़ा – गोल्ड
- प्रीबा श्री – सिल्वर
- दिव्यांशी विश्वकर्मा – ब्रॉन्ज
नेशनल डेवलपमेंट (मिक्स पेयर)
- मिहिर कुमार एवं दित्या लकड़ा – गोल्ड
नेशनल डेवलपमेंट (ग्रुप)
- मायरा भट्ट, देशना भट्ट, दित्या लकड़ा, मिहिर कुमार एवं श्रिति चौहान – गोल्ड
यूथ (इंडिविजुअल मेन)
- पृथ्वी देव भट्टाचार्य – गोल्ड
- अथर्व गुप्ता – सिल्वर
- रुद्र कुमार एवं मिहिर कुमार – ब्रॉन्ज
यूथ (ट्रायो)
- पृथ्वी देव भट्टाचार्य, रुद्र कुमार, अथर्व गुप्ता – गोल्ड
जूनियर (इंडिविजुअल मेन)
- आदित्य राज – ब्रॉन्ज
जूनियर (इंडिविजुअल विमेन)
- चंदा कुमारी – गोल्ड
- मुस्कान – सिल्वर
- नंदिनी कुमारी पोद्दार एवं ऋद्धिका कुमारी – ब्रॉन्ज
जूनियर (ट्रायो)
- चंदा कुमारी, आदित्य राज, नंदिनी कुमारी पोद्दार – गोल्ड
जूनियर (एरो डांस)
- चंदा कुमारी, आदित्य राज, दिशा महेश्वरी, लतिका नायक, मोनिका धनवार, नंदिनी कुमारी पोद्दार, दशमी उरांव, सपना कुमारी – गोल्ड
सीनियर (इंडिविजुअल मेन)
- नयाम कच्छप – गोल्ड
- परमेश्वर राय – सिल्वर
- आदित्य राज (जूनियर) – सिल्वर
- अनुराग कुमार – ब्रॉन्ज
सीनियर (इंडिविजुअल विमेन)
- रिया कुमारी – गोल्ड
- कुमारी ऋष्टी राज – सिल्वर
सीनियर (ट्रायो)
- आयुष कुमार लोहरा, रिया कुमारी,
- परमेश्वर राय – गोल्ड
सीनियर (ग्रुप)
- अमित गोप, अनुराग कुमार, टोनू गोपाल, कुमारी ऋष्टी राज, नयाम कच्छप – गोल्ड
सीनियर (एरो डांस)
- विकास कुमार गोप, अनुराग कुमार, अमित गोप, टोनू गोपाल, नयाम कच्छप, कुमारी ऋष्टी राज, रिया कुमारी – गोल्ड
सीनियर (एरो स्टेप)
- विकास कुमार गोप, टोनू गोपाल, अनुराग कुमार, नयाम कच्छप, चाहत कुमार केरकेट्टा, कुमारी ऋष्टी राज, रिया कुमारी, अमित गोप – गोल्ड


