शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के मलूटी पंचायत भवन के पास एक युवक का सिर देखकर सनसनी फैल गई. पुलिस ने सिर को पेड़ से नीचे उतारकर बरामद किया है जबकि उसका धड़ पेड़ के ही नीचे गिरा हुआ था. पुलिस ने जब इस मामले की जानकारी आसपास के गांवों तक पहुंचाई तो शव की पहचान नजदीक के ही परतापुर गांव के 20 वर्षीय रूपलाल के रूप में हुई है.
पुलिस के मुताबिक डेडबॉडी पूरी तरह से सड़ गल चुकी थी, जिससे यह प्रतीत होता है कि उसकी मौत कई दिन पहले ही हो चुकी थी. इधर पुलिस मामले की जांच कर रही है.
शव की जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिजन शिकारीपाड़ा थाना पहुंचे. उन्होंने पुलिस को बताया कि वह पश्चिम बंगाल में पिछले कुछ महीनों से अपने ससुराल में ही रहता था. लगभग डेढ़ माह पहले रूपलाल अपने घर प्रतापपुर आया था, जिस दिन वह घर आया था, उस दिन उसने किसी से बातचीत नहीं की थी, उसे देखकर ऐसा लग रहा था कि वह काफी तनाव में था. जिसके बाद वह रात होते ही घर से चला गया.
परिजनों ने बताया कि युवक वह लंबे समय से हम लोगों से कोई मतलब नहीं रखता था, इसलिए हम लोगों ने भी उससे कोई बातचीत नहीं की और न ही उसके जाने के बाद उसकी कोई खोज खबर ली. परिजनों का यह भी कहना है कि उसने पश्चिम बंगाल में किसी लड़की से शादी की थी और यह बात उसने परिजनों को नहीं बताई थी. परिजनों ने आशंका जताई है कि तनाव में उसने आत्महत्या की होगी.
जो डेड बॉडी बरामद हुई थी, उसका सिर पेड़ पर फंदे से टंगा हुआ था जबकि धड़ नीचे गिरा था. आत्महत्या का केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है. शव को पोस्टमार्टम के लिए दुमका फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है: अमित कुमार लकड़ा, थाना प्रभारी, शिकारीपाड़ा


