बिहार में मौसम का मिजाज बदलने वाला है. मौसम विभाग ने ठंड के बीच बारिश की चेतावनी जारी की है. विभाग की माने तो, सुबह और शाम के वक्त ज्यादा ठंड महसूस होगी. इसके साथ ही कुछ जिलों में हल्की बारिश हो सकती है.
बिहार के अलग-अलग जिलों में धूप खिलने के बावजूद कनकनी महसूस हो रही है. लेकिन दोपहर के वक्त धूप खिलने से लोगों को राहत जरूर मिल रही. कई जिलों में सुबह और शाम के दौरान कोहरे की स्थिति भी देखी जा रही है. इस बीच मौसम का रंग बदलने वाला है. मौसम विभाग की तरफ से चेतावनी जारी की गई है. इसके साथ ही अगले तीन दिनों के लिए पूर्वानुमान जारी किया है.
इन जिलों में हो सकती है बारिश
मौसम विभाग की माने तो, बिहार के कई जिलों में ठंड के बीच बारिश की संभावना है. गयाजी, औरंगाबाद, कैमूर और रोहतास जिल में सामान्य से कम बारिश हो सकती है. इसके साथ ही फरवरी महीने में सामान्य बारिश 10.4 मिलीमीटर हो सकती है. इसके अलावा बाकी के जिलों में मौसम शुष्क बना रह सकता है. विभाग की तरफ से कोई भी चेतावनी जारी नहीं की गई.

अगले 3 दिनों तक कैसा रहेगा मौसम?
अगले 3 दिनों तक बिहार में मौसम को लेकर विभाग की तरफ से बताया गया कि मौसम शुष्क बना रहेगा. लेकिन कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है. यह भी संभावना जताई गई है कि अगले 48 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है. जबकि न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी की संभावना है.
मौसम विभाग की माने तो, पूरे फरवरी में अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रह सकता है. जबकि न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है.

पिछले 24 घंटे में कैसा रहा मौसम?
मौसम विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में भागलपुर जिले का सबौर सबसे ज्यादा ठंडा रहा. यहां का न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके साथ ही जिन जगहों के तापमान में गिरावट हुई, उनमें पटना, वैशाली, समस्तीपुर, मधुबनी, सुपौल, मधेपुरा, अगवानपुर, भागलपुर, पूर्णिया और कटिहार शामिल है. इन सभी जिलों में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई.

पटना में मौसम का हाल
पटना में मौसम को लेकर विभाग की तरफ से बताया गया कि जिले में मौसम साफ रहने की उम्मीद है. सुबह हल्का से मध्यम कोहरा रह सकता है, लेकिन दिन चढ़ने के साथ धूप निकलने से राहत मिलेगी. न्यूनतम तापमान 10 से 12 और अधिकतम 20 से 22 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रह सकता है


