Saturday, March 7, 2026

मौसम विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में राज्य के तापमान में सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है.

Share

 बिहार में होली के बाद तापमान चढ़ गया है. मौसम विभाग की माने तो, सामान्य से लगभग 5 डिग्री सेल्सियस तक पारा चढ़ गया है. मार्च महीने में ही राज्य ड्राई हीट की चपेट में है. अचानक बढ़ी गर्मी के बीच जल्द ही राहत मिलने की भी संभावना जताई गई है.

बिहार में मार्च के महीने में ही लोगों को मई-जून वाली गर्मी का एहसास हो रहा है. दोपहर के वक्त लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है. इस बीच मौसम विभाग की माने तो, अगले 24 घंटे के दौरान तापमान में लगभग एक से तीन डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है. इतना ही नहीं, करीब 20 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से हवा चल सकती है, जिससे लोगों को लू जैसा एहसास होगा.

पिछले 24 घंटे में कितना चढ़ा तापमान?

मौसम विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में राज्य के तापमान में सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है. पटना की बात करें तो, अधिकतम तापमान 31.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.7 डिग्री ज्यादा है. जबकि न्यूनतम तापमान की बात करें तो, 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से 5.3 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है. अगले 24 घंटे में कुछ जिलों के तापमान 33 से 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का पूर्वानुमान है.

नया विक्षोभ हो सकता है एक्टिव

मौसम विभाग की तरफ से नए विक्षोभ के एक्टिव होने की संभावना भी जताई गई है. नया विक्षोभ एक्टिव होने के बाद मौसम करवट ले सकता है और लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है. विभाग की ओर से बताया गया कि पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने से पहाड़ी इलाकों में तेज हवा और बारिश हो सकती है. साथ ही बंगाल की खाड़ी और मन्नार की खाड़ी के आस-पास बन रहे नए सिस्टम की वजह से मौसम बदल सकता है. इसका असर बिहार में भी पड़ सकता है.

10 और 11 मार्च को इन जिलों में बारिश का अलर्ट

पटना मौसम विभाग की माने तो, 10 मार्च को कुछ जिलों में बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. इन जिलों में सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, पूर्णिया और कटिहार शामिल है. इसके साथ ही 11 मार्च को भी पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, पूर्णिया और कटिहार में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है.

Table of contents [hide]

Read more

Local News