मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार, झारखंड में अगले तीन दिनों तक तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होगी, जिससे ठंड से राहत मिलने की उम्मीद है। यह स्थिति 22 जनवरी तक बनी रहेगी। पिछले 24 घंटों में राज्य में मौसम शुष्क रहा और कहीं-कहीं हल्का कोहरा देखा गया। रांची का न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
एक ओर जहां लोग ठंड की मार से परेशान हैं तो दूसरी ओर मौसम विज्ञान केंद्र रांची द्वारा जारी Weather Forecast में राहत के संकेत दिए गए हैं। अगले तीन दिनों के दौरान तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि की संभावना जताई गई है।
यह स्थिति 22 जनवरी तक बने रहने की संभावना है। पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो पूरे राज्य में मौसम शुष्क बना रहा। झारखंड में कहीं-कहीं पर हल्के और मध्यम दर्जे का कोहरा देखा गया। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस चाईबासा का, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान गुमला का 3.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
वहीं, कांके का 4.0 डिग्री सेल्सियस तो राजधानी रांची का अधिकतम 23 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 7.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि राजधानी व आसपास के क्षेत्रों में सुबह सुबह हल्के कोहरे का असर देखने को मिलेगा, जबकि बाद में आसमान मुख्यत: साफ रहेगा।
बताया कि राज्य में अगले तीन दिनों तक 18, 19 और 20 जनवरी को तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है। जिससे ठंड से राहत मिलने के आसार हैं।
अगले चार दिन रांची का तापमान
18 जनवरी : अधिकतम 25 डिग्री और न्यूनतम 10 डिग्री सेल्सियस
19 जनवरी : अधिकतम 26 डिग्री और न्यूनतम 12 डिग्री सेल्सियस
20 जनवरी : अधिकतम 26 डिग्री और न्यूनतम 12 डिग्री सेल्सियस
21 जनवरी : अधिकतम 26 डिग्री और न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस
कांके में ठंड का तीखा प्रहार, सिहरन भरी सुबह ने बढ़ाई परेशानी
पिछले 24 घंटे में कांके क्षेत्र में ठंड ने एक बार फिर अपना असर दिखाया। दिन का अधिकतम तापमान मात्र 19.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान गिरकर 4.0 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
ठंडी हवाओं ने सुबह-शाम लोगों को कंपकंपाने पर मजबूर कर दिया। 3.2 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाओं ने ठंड का अहसास और तीखा बना दिया, हालांकि इस दौरान कोई वर्षा नहीं हुई।
सुबह के समय घना कोहरा और ठंडी हवा के कारण सड़कों पर आवाजाही कम देखी गई। ठंड से बचाव के लिए लोग अलाव का सहारा लेते नजर आए, वहीं बुजुर्गों और बच्चों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।
बाजारों में गर्म कपड़ों की मांग बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल ठंड से राहत मिलने के आसार कम हैं, जिससे आने वाले दिनों में ठंड का असर और गहराने की संभावना है।


