Friday, March 20, 2026

मौसम केंद्र रांची ने झारखंड के मौसम को लेकर ताजा पूर्वानुमान कई जिलों में बारिश, ओलावृष्टि और वज्रपात का अलर्ट है.

Share

रांचीः झारखंड में आज मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने वाला है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के अधिकांश हिस्सों में आंशिक बादल छाए रहेंगे और कई जगहों पर मेघ गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग ने खासतौर पर उत्तर-पूर्वी और मध्य झारखंड के इलाकों में सतर्क रहने की सलाह दी है. इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं, जिसकी रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा रहने का अनुमान है. वहीं कुछ स्थानों पर वज्रपात का भी अलर्ट जारी किया गया है. इसको लेकर विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

तापमान में आएगी थोड़ी कमी

वहीं, दक्षिणी और पश्चिमी हिस्सों में भी मौसम का असर देखने को मिलेगा. यहां गरज के साथ 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और हल्की बारिश की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी. हालांकि इसके बाद तापमान में फिर से बढ़ोतरी के संकेत हैं.

Jharkhand Weather Report

प्रमुख शहरों के तापमान का हाल

झारखंड के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है. राज्य के प्रमुख शहरों में अधिकतम तापमान 31 डिग्री से 38 डिग्री के बीच रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 16 डिग्री से 22 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया. राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 34.3 डिग्री और न्यूनतम 19.1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से थोड़ा अधिक है. वहीं जमशेदपुर में पारा 36.0 डिग्री तक पहुंच गया है, जबकि रात का तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है.

Jharkhand Weather Report

डाल्टनगंज सबसे गर्म, खूंटी में रात में ठंड

राज्य में सबसे अधिक गर्मी डाल्टनगंज में देखी गई, जहां अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है. इसके विपरीत सबसे ठंडी रात खूंटी में दर्ज की गई, जहां न्यूनतम तापमान 16.5 डिग्री रहा. अन्य प्रमुख शहरों की बात करें तो बोकारो में अधिकतम 31.5 डिग्री और न्यूनतम 19.1 डिग्री, जबकि चाईबासा में अधिकतम 36.4 डिग्री और न्यूनतम 21.6 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया.

Read more

Local News