रांची: मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन की गरिमामयी उपस्थिति में झारखंड में फिल्म उद्योग को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई। इस अवसर पर झारखंड फिल्म डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड (JFDC) और सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (SRFTI), कोलकाता के बीच आपसी सहयोग को लेकर एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए।
यह समझौता राज्य में फिल्म निर्माण, प्रशिक्षण, तकनीकी सहयोग और फिल्म क्षेत्र में नई संभावनाओं को विकसित करने के उद्देश्य से किया गया है। इस साझेदारी के माध्यम से झारखंड के युवाओं को फिल्म एवं टेलीविजन से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में प्रशिक्षण, कौशल विकास और रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि झारखंड प्राकृतिक सौंदर्य, सांस्कृतिक विरासत और विविध लोकेशनों से समृद्ध राज्य है, जिसे फिल्म निर्माण के लिए एक प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जा सकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस समझौते से राज्य में फिल्म उद्योग को नई गति मिलेगी और स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों तथा युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर मंच मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान दोनों संस्थानों के प्रतिनिधियों ने राज्य में फिल्म निर्माण को प्रोत्साहित करने, आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण उपलब्ध कराने तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर झारखंड की पहचान को मजबूत बनाने के लिए मिलकर कार्य करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
इस अवसर पर राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, झारखंड फिल्म डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन के पदाधिकारी, सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट के प्रतिनिधि तथा अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
