मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना में दीघा पर्यटन घाट का निरीक्षण किया, जहां समग्र उद्यान और गंगा आरती की व्यवस्था के निर्देश दिए। उन्होंने पर्यटकों के लिए बुनियादी सुविधाएं विकसित करने पर जोर दिया। इसके बाद, मुख्यमंत्री ने जेपी सेतु के समानांतर बन रहे नए छह लेन गंगा पुल के निर्माण कार्य का भी जायजा लिया, अधिकारियों को इसे समय पर पूरा करने के निर्देश दिए ताकि यातायात सुगम हो सके।
पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को राजधानी स्थित दीघा पर्यटन घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने इस घाट पर समग्र उद्यान के निर्माण कराएं।
घाट का पक्कीकरण कर गंगा आरती कराएं। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि पर्यटन विभाग जनार्दन घाट को पर्यटन घाट के रूप में विकसित कर रहा है।
निरीक्षण के क्रम में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस घाट को पक्का घाट बनायें और यहां गंगा आरती की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करायें ताकि यहां बड़ी संख्या में आनेवाले लोग इसका आनंद उठा सकें। गंगा की सैर करने वाले यहां जो पर्यटक आते हैं उनके लिये बुनियादी और अच्छी पर्यटकीय सुविधाएं विकसित करायें।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने जेपी सेतु के समानांतर बनाए जा रहे नए छह लेन गंगा ब्रिज के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इसका निर्माण कार्य ससमय तेजी से पूर्ण करायें।
इस पुल के बन जाने से पुराने जेपी सेतु पर यातायात का बोझ कम होगा। यह पुल उत्तर बिहार और दक्षिण बिहार के आवागमन को और सुलभ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगा।
इस मौके पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, सचिव कुमार रवि, डॉ. चन्द्रशेखर सिंह, पर्यटन विभाग के सचिव नीलेश रामचन्द्र देवरे, नगर आयुक्त यशपाल मीणा व जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।


