Tuesday, June 30, 2026

मानसून में नमी, गंदगी त्वचा व बालों को नुकसान पहुंचाते हैं. सही देखभाल और कुछ आसान टिप्स अपनाकर इन समस्याओं से बचा जा सकता है.

Share

शिमला: बरसात के मौसम में नमी, गंदगी और बैक्टीरिया की वजह से त्वचा और बालों से जुड़ी समस्याएं तेजी से बढ़ जाती हैं. अगर समय रहते सही देखभाल न की जाए तो डैंड्रफ, फंगल इंफेक्शन, मुंहासे, खुजली और बाल झड़ने जैसी समस्याएं परेशान कर सकती हैं. नमी और गंदगी के कारण स्किन इंफेक्शन, मुंहासे, रैशेज, फंगल संक्रमण और बाल झड़ने की शिकायतें आम हो जाती हैं. लोगों को त्वचा और बालों से जुड़ी समस्याओं के लिए डॉक्टरों की क्लिनिक के चक्कर लगाने पड़ते हैं.

\डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. नेहा सूद से बातचीत कर ये जानने का प्रयास किया कि मानसून में त्वचा और बालों की समस्या क्यों बढ़ जाती हैं. हमें इसका ख्याल कैसे रखना चाहिए. डॉ नेहा सूद ने बेहद जरूरी टिप्स देते हुए बताया कि, ‘मानसून में सबसे ज्यादा फंगल इंफेक्शन, एक्ने, स्किन एलर्जी, डैंड्रफ और स्किन टैनिंग के मामले सामने आते हैं. वातावरण में नमी की मात्रा बढ़ जाती है, जिससे पसीना सूखता नहीं और त्वचा पर बैक्टीरिया पनपने लगते हैं.

फेशवॉश का सही चुनाव करें
‘ऑयली स्किन वालों को ऑयल कंट्रोल फेशवॉश और ड्राय स्किन वालों को हाइड्रेटिंग फेशवॉश इस्तेमाल करना चाहिए. दिन में दो बार चेहरा ज़रूर धोएं.’

टोनिंग और मॉइश्चराइजिंग ज़रूरी
‘लोग सोचते हैं कि बारिश में मॉइश्चराइजर की ज़रूरत नहीं, लेकिन ये गलत है. एक लाइटवेट, नॉन-कॉमेडोजेनिक मॉइश्चराइजर ज़रूर लगाएं.’

हर मौसम में इस्तेमाल करें सनस्क्रीन
‘बरसात में बादल हों या न हों, UV किरणें धरती तक पहुंचती हैं। इसलिए SPF 30 या उससे ऊपर की सनस्क्रीन ज़रूर लगाएं.’

खुले घाव या स्किन रैश को नजरअंदाज़ न करें
‘मानसून में सबसे ज्यादा फंगल इंफेक्शन रिंगवॉर्म, एथलीट फुट या स्किन के फटने की समस्या होती है. इन्हें घरेलू नुस्खों से नहीं, डॉक्टर की सलाह से ठीक करें.’

मानसून और बालों की परेशानी

डॉ. नेहा कहती हैं, ‘मानसून में बाल सबसे ज्यादा डैमेज होते हैं. नमी और बारिश का पानी बालों में फंगल इंफेक्शन, डैंड्रफ, हेयर फॉल और खुजली जैसी समस्याएं बढ़ाता है.’

डॉ. नेहा के हेयर केयर मंत्र

गीले बालों में बाहर न निकलें

‘बारिश में बाल भीग जाएं तो उन्हें जल्दी से सुखाएं. गीले बालों में बाहर घूमना या सो जाना बालों को कमज़ोर करता है.’

वीकली हेयर वॉश और ऑयलिंग

‘हफ्ते में दो बार माइल्ड शैम्पू से बाल धोएं. नहाने से एक घंटा पहले नारियल तेल या बादाम तेल से हल्की मसाज करें.’

कैमिकल से दूर रहें

‘मानसून में हेयर कलर, स्ट्रेटनिंग, या हेवी कैमिकल ट्रीटमेंट से बचना चाहिए. बाल पहले से ही नमी से कमज़ोर होते हैं.’

खाने में ज़रूरी पोषण

‘बालों की जड़ें अंदर से मजबूत बनानी होती हैं. अपने डाइट में प्रोटीन, आयरन, बायोटिन और विटामिन सी शामिल करें.’

अच्छा हेयर और स्किन केयर डेली रूटीन अपनाना चाहिए

बारिश के मौसम में बालों को स्वस्थ रखने के लिए एक अच्छा हेयर और स्किन केयर डेली रूटीन अपनाना चाहिए. इस मौसम में अपने बालों को तेल मालिश, साफ और सूखा रखने के साथ पोषक तत्वों से भरपूर डाइट लें. वहीं, कुछ लोग इस मौसम में कुछ ऐसी सामान्य गलतियां कर बैठते हैं, जो अनजाने में उनकी त्वचा और बालों को नुकसान पहुंचाती हैं. इन गलतियों पर ध्यान दिया जाए तो बरसात के मौसम में बाल और त्वचा की समस्या से बचा जा सकता है, जैसे:

  • गीले बालों को कसकर बांधकर न सोएं.
  • बारिश में भीगने के बाद बिना धोए बालों को न सुखाएं. इन्हें अच्छे से धो लें.
  • पसीने या नमी वाली स्किन पर पाउडर न लगाए.
  • गंदे टॉवल या कॉम्ब का इस्तेमाल न करें.

बरसात में त्वचा और बालों को लेकर दिक्कत तब बढ़ती है जब हम हेयर और स्किन प्रॉब्लम को हल्के में लेते हैं और नियमित केयर की जगह वही पुराने रूटीन पर चलते रहते हैं, जबकि इस मौसम की खासियत को ध्यान में रखते हुए स्किन और बालों की देखभाल के तरीके भी थोड़े बदले जाने चाहिए. सही आदतें अपनाकर और थोड़ी सी अतिरिक्त सावधानी बरतकर हम मानसून के इस मौसम को भी बिना किसी परेशानी के एंजॉय कर सकते हैं. डॉ नेहा सूद ने स्किन और हेयर केयर को लेकर पांच टिप्स बताए, जिन्हें फॉलों कर सकते हैं.

मानसून स्किन और हेयर केयर के लिए 5 जरूरी बातें

  1. रोज़ दो बार चेहरा धोएं.
  2. नॉन-ऑयली मॉइश्चराइजर लगाएं
  3. सनस्क्रीन को इग्नोर न करें.
  4. बाल गीले हों तो खुला छोड़ें या सुखाएं.
  5. ज्यादा पसीना आने पर कॉटन कपड़े पहनें.

नेहा सूद ने कहा कि ‘मानसून का मजा लीजिए, लेकिन अपने बाल और स्किन को नजरअंदाज़ मत कीजिए. समय पर साफ-सफाई और सही उत्पादों का इस्तेमाल करके आप खुद को बारिश में भी खिलता हुआ रख सकते हैं। किसी भी परेशानी को हल्के में न लें, डॉक्टर से समय पर सलाह जरूर लें.’ मानसून प्रकृति का उत्सव है लेकिन अगर सही देखभाल न की जाए तो ये मौसम त्वचा और बालों के लिए मुसीबत बन सकता है। शिमला की डॉ. नेहा सुद जैसी विशेषज्ञों की सलाह से न सिर्फ आप बारिश का आनंद ले सकते हैं, बल्कि अपनी सुंदरता को भी सुरक्षित रख सकते हैं

Read more

Local News