Friday, July 17, 2026

महिलाओं की सुरक्षा के लिए बिहार में दौड़ेंगी पिंक बसें, पटना समेत इन 4 शहरों में अप्रैल से शुरू होगी सेवा

Share

महिलाओं की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए बिहार सरकार ने पिंक बस सेवा शुरू करने का फैसला किया है. यह बसें पटना, भागलपुर, मुजफ्फरपुर और पूर्णिया में सुबह 6 बजे से रात 9 बजे तक संचालित होंगी.

महिलाओं के सुरक्षित सफर को ध्यान में रखते हुए बिहार सरकार ने राजधानी पटना समेत चार शहरों में पिंक बस सेवा शुरू करने का फैसला किया है. यह बस सेवा सुबह 6 बजे से रात 9 बजे तक संचालित होगी, जिससे महिलाओं को सुरक्षित और सुगम परिवहन सुविधा मिल सकेगी. पहले चरण में 20 पिंक बसें खरीदी गई हैं, जिनमें से 10 पटना और बाकी 10 बसें भागलपुर, मुजफ्फरपुर और पूर्णिया में चलाई जाएंगी.

पटना में इन रूटों पर चलेंगी पिंक बसें

पिंक बस सेवा पटना की प्रमुख लोकेशंस को कवर करेगी, जिनमें महिला कॉलेज, स्कूल, अस्पताल और रेलवे स्टेशन जैसी जगहें शामिल हैं. निर्धारित रूट इस प्रकार हैं:

  • पटना सिटी से दानापुर
  • बाइपास से कंकड़बाग, राजेंद्रनगर, अनीसाबाद, फुलवारी
  • बोरिंग रोड से पाटलिपुत्र, कुर्जी, दीघा

हर घंटे उपलब्ध होगी बस, किराया सिर्फ 6 से 25 रुपये

हर रूट पर हर घंटे एक बस उपलब्ध होगी, जिससे महिलाओं को लंबा इंतजार न करना पड़े. किराया भी किफायती रखा गया है-सिर्फ 6 रुपये से 25 रुपये तक.

हर सीट के नीचे होगा पैनिक बटन, GPS से होगी निगरानी

महिला यात्रियों की सुरक्षा के लिए बसों में हर सीट के नीचे पैनिक बटन लगाया जाएगा. किसी भी आपात स्थिति में यात्री इसे दबाकर तुरंत सहायता प्राप्त कर सकेंगी. इसके अलावा, बसों में GPS ट्रैकिंग सिस्टम होगा, जिससे हर बस की निगरानी कंट्रोल सेंटर से की जाएगी.

मार्च के अंत तक आएंगी बसें, अप्रैल से होगी शुरुआत

पिंक बसें मार्च के अंतिम सप्ताह में पंजाब के रोपड़ से आएंगी और अप्रैल के पहले सप्ताह से पटना समेत अन्य शहरों में इनका संचालन शुरू कर दिया जाएगा. बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (BSRTC) के प्रशासक अतुल कुमार वर्मा के अनुसार, यह पहल महिलाओं को आत्मनिर्भर और सुरक्षित यात्रा का अवसर प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.

Read more

Local News