Tuesday, March 24, 2026

मसीही समाज आगामी 29 मार्च को ‘खजूर पर्व’ (पाम संडे) श्रद्धा और आस्था के साथ मनाएगा.

Share

आने वाले 29 मार्च को खजूर पर्व से पवित्र सप्ताह शुरू होगा. 3 अप्रैल को गुड फ्राइडे और 5 अप्रैल को ईस्टर मनाया जाएगा, जो प्रभु यीशु के पुनर्जीवन का प्रतीक है.

मसीही समाज आगामी 29 मार्च को ‘खजूर पर्व’ (पाम संडे) श्रद्धा और आस्था के साथ मनाएगा. यह दिन प्रभु ईसा मसीह के यरूशलेम में प्रवेश और उनके राजा के रूप में किए गए स्वागत की स्मृति में मनाया जाता है. इसी दिन से मसीही समुदाय के पवित्र सप्ताह (होली वीक) की शुरुआत भी होगी, जिसे ईसाई धर्म में विशेष महत्व दिया जाता है.

गुड फ्राइडे और ईस्टर का महत्व

पवित्र सप्ताह के दौरान 3 अप्रैल, शुक्रवार को ‘गुड फ्राइडे’ मनाया जाएगा. इस दिन प्रभु ईसा मसीह के क्रूस पर चढ़ाए जाने की घटना को याद किया जाता है. कैथोलिक कलीसियाओं में ‘क्रूस का रास्ता’ की विशेष धार्मिक विधि संपन्न होगी. इसके बाद 4 अप्रैल की आधी रात को गिरजाघरों में ‘पास्का जागरण’ आयोजित किया जाएगा. 5 अप्रैल को ईस्टर मनाया जाएगा, जो ईसा मसीह के पुनर्जीवित होने का प्रतीक है. इस अवसर पर जीईएल और सीएनआई कलीसिया के श्रद्धालु तड़के कब्रिस्तानों में पहुंचकर अपने पूर्वजों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और विशेष आराधना में भाग लेंगे. ईस्टर के साथ ही 40 दिनों का उपवास काल (लेंत) समाप्त हो जाएगा.

29 मार्च को निकलेगी भव्य शोभायात्रा

खजूर पर्व के अवसर पर 29 मार्च को भव्य शोभायात्रा भी निकाली जाएगी. ज्वाइंट चर्चेस कमेटी के तत्वावधान में इसका आयोजन धुर्वा स्थित प्रभात तारा मैदान में दोपहर 1:30 बजे से होगा. इस शोभायात्रा में शहर के विभिन्न चर्चों के मसीही विश्वासी बड़ी संख्या में शामिल होंगे और प्रभु यीशु के संदेशों का प्रसार करेंगे.

इस आयोजन में आरसी चर्च (धुर्वा), जीईएल चर्च, सीएनआई चर्च और अन्य कलीसियाओं के लोग उत्साहपूर्वक भाग लेंगे, जिससे पूरा माहौल आध्यात्मिक और भक्तिमय हो उठेगा.

Read more

Local News