ईडी ने धीरूभाई अंबानी नॉलेज सिटी में 4,462.81 करोड़ रुपये मूल्य की 132 एकड़ से अधिक जमीन को अस्थायी रूप से कुर्क किया है.
नई दिल्ली: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने रिलायंस एडीएजी समूह के चेयरमैन अनिल अंबानी को धन शोधन मामले में पूछताछ के लिए 14 नवंबर को फिर से तलब किया है. इस सप्ताह की शुरुआत में नवी मुंबई स्थित धीरूभाई अंबानी नॉलेज सिटी में 4,462.81 करोड़ रुपये मूल्य की 132 एकड़ से अधिक जमीन को अस्थायी रूप से कुर्क करने के बाद समन जारी किया गया.
ईडी ने इससे पहले रिलायंस कम्युनिकेशंस लिमिटेड के बैंक धोखाधड़ी मामलों में 3,083 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की 42 संपत्तियां कुर्क की थीं. कुल कुर्की 7,545 करोड़ रुपये से अधिक की बतायी जाती है. ईडी ने बयान में कहा कि “ईडी वित्तीय अपराध करने वालों की सक्रियता से तलाश कर रही है और अपराध से प्राप्त धन को उनके सही दावेदारों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है.”
वित्तीय निगरानी संस्था ने भारतीय दंड संहिता, 1860 की धारा 120-बी, 406 और 420 तथा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1989 की धारा 13(2) सहपठित धारा 13(1)(डी) के तहत आरकॉम, अनिल अंबानी और अन्य के खिलाफ सीबीआई की एफआईआर के आधार पर जांच शुरू की थी. आरकॉम और उसकी समूह कंपनियों ने 2010-2012 की अवधि के दौरान घरेलू और विदेशी ऋणदाताओं से ऋण लिया, जिसमें से कुल 40,185 करोड़ रुपये बकाया हैं.
बयान में कहा गया है कि पांच बैंकों ने समूह के ऋण खातों को धोखाधड़ी घोषित कर दिया है. बयान में बताया गया कि ईडी की जांच से पता चला है कि एक संस्था द्वारा एक बैंक से लिए गए ऋण का उपयोग अन्य संस्थाओं द्वारा अन्य बैंकों से लिए गए ऋणों के भुगतान, संबंधित पक्षों को हस्तांतरण और म्यूचुअल फंड में निवेश के लिए किया गया, जो ऋण स्वीकृति पत्र की शर्तों का उल्लंघन था.
आरकॉम और इसकी समूह कंपनियों ने ऋणों की सदाबहारता के लिए 13,600 करोड़ रुपये से अधिक की राशि डायवर्ट की. 12,600 करोड़ रुपये से अधिक की राशि को संबंधित पक्षों को डायवर्ट किया गया और 1,800 करोड़ रुपये से अधिक की राशि को एफडी/एमएफ आदि में निवेश किया गया. जिसे समूह संस्थाओं में पुनः भेजने के लिए काफी हद तक समाप्त कर दिया गया.
ईडी ने संबंधित पक्षों को धन पहुंचाने के उद्देश्य से बिल डिस्काउंटिंग के बड़े पैमाने पर दुरुपयोग का भी पता लगाया है. कुछ ऋणों को विदेशी धन प्रेषणों के माध्यम से भारत से बाहर गबन कर लिया गया. ईडी के एक बयान के अनुसार, आगे की जांच जारी है.


