Thursday, April 16, 2026

भोजपुरी स्टार पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह पहुंची बराही धाम, कहा- यहां अलग शक्ति का एहसास है 

Share

पलामू: भोजपुरी फिल्म के सुपर स्टार पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह पलामू के चर्चित बराही धाम पहुंची. उन्होंने मत्था टेका और बराही धाम स्थित माता रानी का आशीर्वाद लिया. पूजा अर्चना के बाद धाम परिसर स्थित 105 फीट ऊंची दक्षिणमुखी हनुमानजी का भी दर्शन किया. यहां ज्योति सिंह को देखने के लिए धाम परिसर में बड़ी संख्या में प्रशंसकों की भीड़ जमी रही.

ज्योति सिंह के बराही धाम पहुंचने पर शिवांश चैरिटेबल ट्रस्ट व बराही धाम परिवार के लोगों ने फूल माला व चुनरी देकर उनका स्वागत किया. ज्योति सिंह ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि कई दिनों से बराही धाम आना चाहती थी. समयाभाव की वजह से नहीं पहुंच पाई थी. मां का बुलावा आया तो आशीर्वाद लेने पहुंच गई. उन्होंने कहा कि यहां आने के बाद अलग तरह की शांति मिली व शक्ति का एहसास हुआ. बराही धाम परिसर में शिवांश चैरिटेबल ट्रस्ट के द्वारा विश्व का सबसे ऊंची 351 फीट का मां दुर्गा का भव्य मंदिर बनना है, जिसका भूमि पूजन आगामी 14 अप्रैल को होना है. ज्योति सिंह ने बताया कि उनका प्रयास रहेगा कि इस महान धार्मिक अनुष्ठान में वह खुद शामिल रहें. उन्होंने बराही धाम समिति को 51 हजार की सहयोग राशि भी भेंट की.

पलामू जिला परिषद उपाध्यक्ष आलोक कुमार सिंह उर्फ टुटू सिंह ने कहा कि बहुत ही सौभाग्य की बात है कि हुसैनाबाद का बराही धाम आज झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश समेत अन्य राज्यों में भी अपनी पहचान बना रहा है. मौके पर बराही धाम के संरक्षक रंधीर सिंह, प्रिंस सिंह, राजन सिंह, बिनोद सिंह. जूही सिंह, प्रियंका कुमारी, अबुंज सिंह, गौतम सिंह, अरुण सिंह, सतेंद्र कुमार सिंह, विजय सिंह, नीरज सिंह के अलावा सैकड़ों लोग उपस्थित रहें.

Read more

Local News